HeadlinesBiharStatesTrending

पटना में PhD होल्डर्स का हंगामा, बैरिकेडिंग पर चढ़कर नारेबाजी; 19 दिन से अनशन पर कुमुद पटेल

PhD Holders Protest: पटना में बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश, पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया

पटना में PhD होल्डर्स का हंगामा, बैरिकेडिंग पर चढ़कर नारेबाजी; 19 दिन से अनशन पर बैठे कुमुद पटेल बोले- ‘सरकार चाहती है मैं मर जाऊं’

Patna: बिहार की राजधानी पटना में PhD होल्डर्स और अतिथि सहायक प्राध्यापकों का प्रदर्शन शनिवार को उस समय उग्र हो गया, जब प्रदर्शनकारी लोकभवन मार्च के लिए निकले। आर ब्लॉक चौराहे के पास पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए डबल लेयर बैरिकेडिंग की थी। इसके बावजूद कई प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच करीब डेढ़ घंटे तक तनातनी की स्थिति बनी रही। कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया।

19 दिनों से आमरण अनशन पर कुमुद पटेल

अपनी मांगों को लेकर पिछले 19 दिनों से आमरण अनशन कर रहे कुमुद पटेल भी प्रदर्शन में शामिल हुए। वह व्हीलचेयर पर आर ब्लॉक पहुंचे। भावुक होते हुए उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

कुमुद पटेल ने कहा कि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है और “सरकार चाहती है कि मैं मर जाऊं।” उनके बयान के बाद प्रदर्शन स्थल पर मौजूद लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

PhD होल्डर्स की क्या हैं मांगें?

प्रदर्शनकारी PhD होल्डर्स और अतिथि सहायक प्राध्यापक मुख्य रूप से विश्वविद्यालयों में नियुक्ति प्रक्रिया में UGC के नियमों का पालन, उम्र सीमा में बढ़ोतरी और राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित नए नियमों में बदलाव की मांग कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्षों से उच्च शिक्षा व्यवस्था में काम करने के बावजूद अतिथि सहायक प्राध्यापकों के भविष्य को लेकर कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।

8 साल से पढ़ा रहे गेस्ट फैकल्टी

प्रदर्शन में शामिल असिस्टेंट गेस्ट प्रोफेसर डॉ. नितिन कुमार ने कहा कि उन्हें शुरुआत में 11 महीने के लिए नियुक्त किया गया था, लेकिन वे पिछले करीब 8 वर्षों से शिक्षा व्यवस्था में काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लंबे समय तक काम करने के बावजूद अब उनके सामने नौकरी जाने का खतरा पैदा हो गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार को उनके अनुभव और लंबे कार्यकाल को नियुक्ति प्रक्रिया में प्राथमिकता देनी चाहिए।

आर ब्लॉक पर भारी पुलिस बल तैनात

प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने आर ब्लॉक चौराहे और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए डबल बैरिकेडिंग के साथ वाटर कैनन और रैपिड एक्शन फोर्स की भी तैनाती की गई।

पुलिस ने पटना जंक्शन से आर ब्लॉक की ओर जाने वाले रास्ते को भी बंद कर दिया। प्रदर्शनकारियों द्वारा बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश के बाद पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया।

प्रतिनिधिमंडल पहुंचा मुख्यमंत्री कार्यालय

करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन और तनातनी के बाद प्रदर्शनकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) पहुंचा। वहीं कुछ प्रदर्शनकारी पीछे हट गए, जबकि कुछ को पुलिस ने हिरासत में लिया।

चिराग पासवान भी कर चुके हैं समर्थन

PhD होल्डर्स के आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। चिराग पासवान ने पहले गेस्ट फैकल्टी की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से उन्हें नियुक्ति में प्राथमिकता देने की मांग की थी।

अब प्रदर्शनकारी उम्मीद कर रहे हैं कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी और उच्च शिक्षा में लंबे समय से काम कर रहे अतिथि सहायक प्राध्यापकों के भविष्य को लेकर स्थायी समाधान निकाला जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button