
JPSC आंदोलन: सरकार और देवेंद्रनाथ महतो गुट के 8 सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता शुरू
Ranchi: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षा और अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच शनिवार को सरकार और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच बातचीत शुरू हो गई है। रांची के मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच के 8 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल और सरकार की ओर से गठित प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता चल रही है।
इस वार्ता को आंदोलन को लेकर समाधान की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। खास बात यह है कि जिन छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से शनिवार को बातचीत हो रही है, उनके समर्थन में जेएलकेएम नेता देवेंद्रनाथ महतो पिछले छह दिनों से भूख हड़ताल पर हैं।
सरकार की ओर से चार मंत्री वार्ता में शामिल
सरकार की ओर से गठित प्रतिनिधिमंडल में मंत्री दीपिका पांडे सिंह, सुदिव्य कुमार सोनू, संजय कुमार यादव और चमरा लिंडा शामिल हैं। वहीं, छात्र प्रतिनिधिमंडल में दीनबंधु मंडल, पूजा कुमारी, चंदन कुमार, बिमल कुमार, प्रेम कुमार, रविशंकर, अमित कुमार शर्मा और रामावतार महतो शामिल हैं।
दोनों पक्षों के बीच JPSC-JSSC अभ्यर्थियों की मांगों, परीक्षा प्रक्रिया और आंदोलन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।
शुक्रवार को भी हुई थी छात्रों से बातचीत
इससे पहले शुक्रवार को सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलन कर रहे छात्रों के दूसरे गुट के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की थी। हालांकि, उस वार्ता में कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका था।
इसके बावजूद सरकार की ओर से बातचीत के सभी विकल्प खुले रखे गए हैं। अब शनिवार को देवेंद्रनाथ महतो के समर्थन वाले छात्र गुट के साथ हो रही वार्ता पर सभी की नजरें टिकी हैं।
छह दिनों से भूख हड़ताल पर हैं देवेंद्रनाथ महतो
JPSC-JSSC अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर जेएलकेएम नेता देवेंद्रनाथ महतो छह दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। उनके समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र भी आंदोलन कर रहे हैं।
छात्रों की मांगों को लेकर सरकार और आंदोलनकारियों के बीच लगातार बातचीत का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में शनिवार की वार्ता से किसी ठोस समाधान की उम्मीद की जा रही है।
क्या निकलेगा समाधान?
JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का आंदोलन लंबे समय से अलग-अलग मांगों को लेकर जारी है। सरकार के साथ दोनों छात्र गुटों की बातचीत के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि क्या सरकार और छात्रों के बीच किसी साझा समाधान पर सहमति बनती है या आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
फिलहाल स्टेट गेस्ट हाउस में दोनों पक्षों के बीच वार्ता जारी है।



