HeadlinesJharkhandStatesTrending

झारखंड विधानसभा में 8,399 करोड़ का पहला अनुपूरक बजट पेश, JPSC-JSSC मुद्दे पर हंगामे के बीच सदन सोमवार तक स्थगित

Jharkhand Assembly: विपक्ष के हंगामे के बीच ₹8,399 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश, सदन सोमवार तक स्थगित

झारखंड विधानसभा में 8,399 करोड़ का पहला अनुपूरक बजट पेश, JPSC-JSSC मुद्दे पर हंगामे के बीच सदन सोमवार तक स्थगित

Ranchi: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन सदन की कार्यवाही विपक्ष के जोरदार हंगामे के बीच शुरू हुई। इस दौरान वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट सदन के पटल पर रखा। सरकार ने 8,399 करोड़ 31 लाख 11 हजार रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। हालांकि JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

8,399 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश

विपक्षी सदस्यों के शोर-शराबे के बीच वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने राज्य का पहला अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया। बजट में विभिन्न विभागों की अतिरिक्त वित्तीय आवश्यकताओं और विकास योजनाओं के लिए प्रावधान किए गए हैं। अनुपूरक बजट पर विस्तृत चर्चा आगामी बैठक में होने की संभावना है।

विधानसभा में पहली बार पेश हुई बैंकर्स समिति की वार्षिक रिपोर्ट

मानसून सत्र के दौरान एक नई पहल भी देखने को मिली। वित्त मंत्री ने सदन में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC) की वार्षिक प्रतिवेदन भी पेश किया।

उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में यह पहला अवसर है जब किसी राज्य की विधानसभा में बैंकर्स समिति की वार्षिक रिपोर्ट आधिकारिक रूप से प्रस्तुत की गई है। सरकार का उद्देश्य विधायकों को बैंकिंग गतिविधियों, वित्तीय समावेशन और विकास योजनाओं की प्रगति से सीधे जोड़ना है, ताकि योजनाओं की निगरानी और प्रभावी ढंग से हो सके।

JPSC-JSSC मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विपक्ष ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और छात्रों के हितों से जुड़े सवालों पर सरकार को घेरने की कोशिश की।

विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि JPSC-JSSC सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सदन में गंभीर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र हित सर्वोपरि है और इन मामलों पर सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

सत्ता पक्ष और विपक्ष में तीखी नोकझोंक

JPSC-JSSC मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और नारेबाजी देखने को मिली। सत्ता पक्ष की ओर से भी विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया गया। दोनों पक्षों के बीच बढ़ते हंगामे को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही स्थगित करने का निर्णय लिया।

अब झारखंड विधानसभा की अगली कार्यवाही सोमवार सुबह 11 बजे से शुरू होगी, जहां अनुपूरक बजट और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button