
बोकारो पुलिस का बड़ा एक्शन: 17 चोरी की बाइक बरामद, किशोर समेत चार गिरफ्तार
बोकारो संवाददाता: ललित मिश्रा
बोकारो पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरप्रांतीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के कब्जे से चोरी की 17 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। वहीं, एक निरुद्ध किशोर समेत कुल चार आरोपियों को पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह का नेटवर्क बोकारो के अलावा रामगढ़, हजारीबाग और रांची तक फैला हुआ था।
पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर चोरी की वारदातों का क्राइम सीन रीक्रिएशन भी कराया। इस दौरान पुलिस की कार्रवाई देखने और आरोपियों को पहचानने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी
बेरमो एसडीपीओ रवींद्र कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि 3 नवंबर 2026 की शाम करीब 4:30 बजे पेटरवार थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम को देखकर दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध भागने लगे।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा किया और सभी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान वाहन चोरी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ।
रामगढ़, हजारीबाग और रांची तक फैला था नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका चोरी का नेटवर्क केवल पेटरवार तक सीमित नहीं था, बल्कि रामगढ़, हजारीबाग और रांची जिले तक फैला हुआ था।
गिरोह के सदस्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। इसके बाद बाइक का लॉक तोड़कर मौका मिलते ही उसे लेकर फरार हो जाते थे।
क्राइम सीन रीक्रिएशन देखने उमड़ी भीड़
मामले की जांच और चोरी की वारदातों के घटनाक्रम को समझने के लिए पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची। वहां क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया गया। इस दौरान पुलिस की कार्रवाई देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस का कहना है कि बरामद की गई 17 मोटरसाइकिलों के संबंध में आगे की जांच की जा रही है। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
बोकारो पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरी के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।



