HeadlinesJharkhandStatesTrending

हज-2027: झारखंड से 13 स्टेट हज इंस्पेक्टर का होगा चयन, 27 अगस्त तक आवेदन

Hajj 2027: झारखंड में SHI भर्ती प्रक्रिया शुरू, CBT-इंटरव्यू से होगा चयन

हज-2027 के लिए झारखंड से 13 स्टेट हज इंस्पेक्टर चुने जाएंगे, 27 अगस्त तक आवेदन; CBT और इंटरव्यू से होगा चयन

Ranchi: हज-2027 (1448 हिजरी) की तैयारियों के तहत झारखंड से स्टेट हज इंस्पेक्टर (SHI) के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन हज कमेटी ऑफ इंडिया ने पात्र सरकारी कर्मचारियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। झारखंड राज्य हज समिति ने भी राज्य के योग्य और इच्छुक कर्मचारियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।

झारखंड से करीब 13 स्टेट हज इंस्पेक्टरों का चयन प्रस्तावित है। हज यात्रियों की संख्या के आधार पर प्रत्येक 135 यात्रियों पर एक SHI की प्रतिनियुक्ति का प्रावधान किया गया है। चयन में निर्धारित आरक्षण व्यवस्था को भी लागू किया जाएगा।

27 अगस्त तक करना होगा ऑनलाइन आवेदन

SHI पद के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र सरकारी कर्मचारी 27 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

चयन प्रक्रिया में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), इंटरव्यू/पर्सनालिटी टेस्ट और मेडिकल फिटनेस टेस्ट शामिल होंगे।

चयन का पूरा शेड्यूल

  • ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 27 अगस्त 2026
  • कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT): 6 सितंबर 2026
  • इंटरव्यू/पर्सनालिटी टेस्ट: 8 से 16 सितंबर 2026
  • मेडिकल फिटनेस टेस्ट: 8 से 16 सितंबर 2026
  • मुंबई में प्रशिक्षण: अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में संभावित

कौन कर सकता है आवेदन?

स्टेट हज इंस्पेक्टर के लिए आवेदक का मुस्लिम होना अनिवार्य है। इसके अलावा केंद्र या राज्य सरकार, CAPF/सैनिक बल, स्वायत्त निकाय अथवा PSU में स्थायी कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं।

आवेदक के लिए स्नातक होना और आवेदन की प्रारंभिक तिथि को उसकी उम्र 50 वर्ष से कम होना जरूरी है। वहीं भारतीय अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट की वैधता 31 दिसंबर 2027 तक होनी चाहिए।

भाषा के स्तर पर हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू और स्थानीय भाषा का ज्ञान आवश्यक है। अरबी भाषा जानने वाले अभ्यर्थियों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।

हज व्यवस्था और तकनीकी जानकारी भी जरूरी

आवेदक शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए। उसे कंप्यूटर और ‘हज सुविधा ऐप’ के इस्तेमाल की जानकारी के साथ हज के अरकान और हज व्यवस्थाओं की पर्याप्त समझ होना भी जरूरी है।

इसके अलावा जो कर्मचारी अपने पूरे सेवाकाल में तीन या उससे अधिक बार SHI या खादिमुल हुज्जाज के रूप में सेवा दे चुके हैं, वे इस चयन प्रक्रिया में आवेदन नहीं कर सकेंगे।

CBT और इंटरव्यू के अंकों से बनेगी मेरिट

झारखंड राज्य हज समिति के संयुक्त सचिव गुलाम समदानी के अनुसार, अंतिम मेरिट सूची CBT और इंटरव्यू में प्राप्त संयुक्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। दोनों चरणों में निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल करना जरूरी होगा। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल फिटनेस टेस्ट कराया जाएगा।

कहां करें आवेदन?

पात्र सरकारी कर्मचारी हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 27 अगस्त 2026 है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button