HeadlinesJharkhandStatesTrending

पूर्व मंत्री मन्नान मलिक को कांग्रेस मुख्यालय में अंतिम श्रद्धांजलि, 15 जुलाई को धनबाद में होगा अंतिम संस्कार

पूर्व मंत्री मन्नान मलिक का निधन, कांग्रेस मुख्यालय में दी गई श्रद्धांजलि; 15 जुलाई को धनबाद में राजकीय सम्मान के साथ होगा सुपुर्द-ए-खाक

पूर्व मंत्री मन्नान मलिक का निधन, कांग्रेस मुख्यालय में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

Ranchi: झारखंड के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मन्नान मलिक का मंगलवार सुबह रांची के पल्स अस्पताल में निधन हो गया। वे पिछले कई महीनों से अस्वस्थ थे और उपचाराधीन थे। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

कांग्रेस मुख्यालय में अंतिम दर्शन

दोपहर करीब 2 बजे उनका पार्थिव शरीर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय लाया गया, जहां नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कांग्रेस की ओर से उनके पार्थिव शरीर पर पार्टी का ध्वज ओढ़ाकर अंतिम सम्मान दिया गया।

श्रद्धांजलि देने वालों में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, रविन्द्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रामा खलको, महानगर अध्यक्ष कुमार राजा, राजीव रंजन प्रसाद, सोनल शांति सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस के लिए अपूरणीय क्षति: केशव महतो कमलेश

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मन्नान मलिक का निधन कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि मन्नान मलिक ने अपना पूरा सार्वजनिक जीवन जनसेवा, सामाजिक सद्भाव और कांग्रेस की विचारधारा को समर्पित किया। वे सादगीपूर्ण, मिलनसार और संघर्षशील जननेता थे, जिन्होंने हमेशा समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की आवाज बुलंद की।

समर्पित नेता थे मन्नान मलिक

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने एक अनुभवी, समर्पित और कर्मठ नेता को खो दिया है। उनका सार्वजनिक जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।

वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने कहा कि मन्नान मलिक का जीवन सादगी, सेवा और जनहित के प्रति समर्पण का प्रतीक था। उनके निधन से झारखंड की राजनीति ने एक अनुभवी और लोकप्रिय जननेता को खो दिया है।

दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि

श्रद्धांजलि सभा में मौजूद सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

15 जुलाई को धनबाद में राजकीय सम्मान के साथ होगा सुपुर्द-ए-खाक

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि 15 जुलाई को दोपहर 1 बजे धनबाद में मन्नान मलिक को राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। उनके निधन पर उज्ज्वल तिवारी, अख्तर अली, मदन महतो, नीतू देवी, राकेश सिन्हा सहित कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button