बिहार की राजनीति में अपने बेबाक अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले Anant Singh एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने राज्य में बढ़ते अपराध, राजनीति और अपने निजी जीवन को लेकर खुलकर बात की।
“मर्डर रुकने वाला नहीं है”: Anant Singh
बिहार में बढ़ते अपराध पर सवाल पूछे जाने पर अनंत सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि हत्या की घटनाएं रुकने वाली नहीं हैं। उन्होंने कहा, “यह आपसी दुश्मनी का मामला होता है। अगर लोगों के बीच लड़ाई है तो सरकार हर घर में पुलिस नहीं बैठा सकती। यहां भगवान भी मुख्यमंत्री बन जाएं, तब भी मर्डर नहीं रुकेगा।” हालांकि उन्होंने यह भी माना कि पहले की तुलना में हालात कुछ बेहतर हुए हैं। उनके मुताबिक अब अपराधियों में डर है और अपहरण जैसी घटनाओं में भी कमी आई है।
महा दंगल को लेकर उत्साह: Anant Singh
अपने गांव नदमा में आयोजित होने वाले महा दंगल को लेकर भी अनंत सिंह काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने बताया कि 3 अप्रैल तक चलने वाले इस आयोजन में देश-विदेश से 100 से अधिक पहलवान हिस्सा लेंगे और लाखों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले मेहमानों के लिए खाने-पीने की पूरी व्यवस्था की गई है और यह दंगल अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा।
अगला मुख्यमंत्री कौन?: Anant Singh
राजनीतिक सवालों पर अनंत सिंह ने कहा कि अगर जेडीयू से कोई मुख्यमंत्री बनता है तो निशांत कुमार बेहतर विकल्प होंगे, वहीं भाजपा से सम्राट चौधरी भी उपयुक्त चेहरे हो सकते हैं।
उन्होंने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार में उनके जैसा दूसरा नेता न हुआ है, न होगा।
चुनाव से दूरी, बेटे के लिए बड़ा सपना
अनंत सिंह ने साफ किया कि अब वे खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे। उनकी जगह उनका बड़ा बेटा राजनीति में आएगा। वहीं छोटे बेटे को वे आईपीएस अधिकारी बनाना चाहते हैं।
शराबबंदी पर भी उठाए सवाल
उन्होंने बिहार में लागू शराबबंदी नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसे खत्म किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, इस नीति के कारण युवा गलत नशे की ओर बढ़ रहे हैं।
