
झारखंड में भीषण गर्मी पर CM हेमंत सोरेन अलर्ट, अधिकारियों को पेयजल और राहत व्यवस्था के निर्देश
रांची: झारखंड में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव को देखते हुए मुख्यमंत्री Hemant Soren ने प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल राहत और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि भीषण गर्मी के इस दौर में आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और प्रशासन पूरी संवेदनशीलता तथा मानवीय दृष्टिकोण के साथ काम करे।
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिया है कि सभी सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर आम लोगों एवं राहगीरों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही इसकी स्पष्ट सूचना भी प्रदर्शित करने को कहा गया है ताकि लोगों को आसानी से सुविधा मिल सके।
जल संकट वाले इलाकों में तुरंत पहुंचे टैंकर
मुख्यमंत्री ने उपायुक्तों को निर्देश दिया है कि जिन क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति है वहां तत्काल टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत और अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी जल्द पूरी करने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि किसी भी गांव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी के कारण लोगों को परेशानी न हो, यह प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।
“जनहित सर्वोपरि है” : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री Hemant Soren ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी पोस्ट करते हुए कहा कि जनहित सर्वोपरि है और इस भीषण गर्मी में प्रशासन को पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए।
राज्य में लगातार बढ़ते तापमान और हीटवेव को देखते हुए सरकार की ओर से यह निर्देश आम लोगों को राहत पहुंचाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



