
JPSC-JSSC नियुक्ति विवाद पर राज्यपाल से मिले CM हेमंत सोरेन, पारदर्शी परीक्षा और छात्रों को न्याय दिलाने पर हुई चर्चा
Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को लोकभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में चल रहे छात्र आंदोलन और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों की जानकारी राज्यपाल को दी। बैठक में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद रहे।
छात्र आंदोलन और भर्ती परीक्षाओं पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान JPSC और JSSC की नियुक्ति प्रक्रियाओं में लगाए जा रहे कथित अनियमितताओं के आरोपों तथा छात्रों की मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों और जांच की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।
राज्यपाल बोले- युवाओं का भरोसा कायम रहना जरूरी
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवाओं का चयन प्रक्रिया पर विश्वास बना रहना चाहिए और चयन आयोगों की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए, जिस पर किसी प्रकार का संदेह न हो।
मुख्यमंत्री ने दिया न्याय का भरोसा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यपाल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार छात्रों के हितों की रक्षा और उन्हें न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और यदि किसी स्तर पर अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सरकार का फोकस पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पर
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि भविष्य में भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाया जाए, ताकि अभ्यर्थियों का भरोसा चयन प्रक्रिया पर बना रहे और प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके।



