HeadlinesJharkhandStatesTrending

CM हेमंत सोरेन सख्त: 2 महीने में पूरी हों लंबित सड़क और फ्लाईओवर परियोजनाएं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

पथ निर्माण विभाग की समीक्षा: सीएम ने 2 महीने में प्रमुख सड़क और फ्लाईओवर परियोजनाएं पूरी करने के दिए निर्देश

पथ निर्माण विभाग पर सीएम हेमंत सोरेन सख्त, 2 महीने में पूरी हों प्रमुख सड़क और फ्लाईओवर परियोजनाएं

Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को पथ निर्माण विभाग के कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि राज्य की सभी सड़क, पुल, पुलिया, फ्लाईओवर और अन्य निर्माण परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित परियोजनाओं में अब किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सभी परियोजनाओं की होगी जियो-टैगिंग

मुख्यमंत्री ने विभाग को निर्देश दिया कि सभी निर्माणाधीन और पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का अद्यतन डेटाबेस तैयार किया जाए तथा उनकी जियो-टैगिंग अनिवार्य की जाए। इससे प्रत्येक परियोजना की प्रगति, लागत, गुणवत्ता और समय-सीमा की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और नियमित मॉनिटरिंग सरकार की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी।

शिकायतों पर तुरंत होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से सड़क, गड्ढों, जलजमाव और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से संबंधित मिलने वाली शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बारिश को देखते हुए विशेष निर्देश

मानसून को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सड़कों के गड्ढों की शीघ्र मरम्मत, बेहतर जल निकासी व्यवस्था, सड़क गुणवत्ता में सुधार तथा संकीर्ण सड़कों के चौड़ीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

दो महीने में पूरी हों महत्वपूर्ण परियोजनाएं

मुख्यमंत्री ने राजधानी रांची सहित राज्य की सभी प्रमुख लंबित सड़क और फ्लाईओवर परियोजनाओं में तेजी लाने तथा महत्वपूर्ण परियोजनाओं को अगले दो महीने के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों और कार्य एजेंसियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button