
रक्षाबंधन पर CM हेमंत सोरेन को ब्रह्माकुमारी बहनों ने बांधी राखी, झारखंड की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की
Ranchi: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में शुक्रवार को एक आत्मीय और सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला। ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान ब्रह्माकुमारी निर्मला जी ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
प्रेम, पवित्रता और भाईचारे का दिया संदेश
मुलाकात के दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों ने मुख्यमंत्री को रक्षाबंधन पर्व की बधाई देते हुए प्रेम, पवित्रता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने झारखंड में सुख-शांति, समृद्धि और सभी नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना भी की।
मुख्यमंत्री ने जताया आभार
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ब्रह्माकुमारी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए राखी बांधने और शुभकामनाएं देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था समाज में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने संस्था की सामाजिक एवं आध्यात्मिक सेवाओं की सराहना भी की।
प्रतिनिधिमंडल में ये लोग रहे शामिल
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में ब्रह्माकुमारी निर्मला जी के साथ इंदु साबू, प्रदीप कुमार और सुनैना कुमारी भी शामिल थे। सभी ने मुख्यमंत्री को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए राज्य की निरंतर प्रगति और खुशहाली की कामना की।



