SIR 2026 को लेकर भाजपा की चुनाव आयोग से शिकायत, BLO पर CM की तस्वीर वाला बैग इस्तेमाल करने का आरोप
भाजपा ने SIR 2026 के दौरान पश्चिमी सिंहभूम में BLO द्वारा मुख्यमंत्री की तस्वीर वाला बैग इस्तेमाल करने और जगन्नाथपुर में कथित दोहरे मतदाता रिकॉर्ड की शिकायत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से की है।
admin
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR) के दौरान कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से शिकायत की है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक BLO द्वारा मुख्यमंत्री की तस्वीर वाला थैला इस्तेमाल किया जा रहा है। साथ ही जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र में कुछ मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज होने का भी मामला उठाया गया है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को लिखा पत्र
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं SIR-2026 के प्रदेश संयोजक राकेश प्रसाद ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग को दो अलग-अलग पत्र भेजकर दोनों मामलों की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
CM की तस्वीर वाले थैले के इस्तेमाल पर आपत्ति
भाजपा ने आरोप लगाया कि 30 जून से शुरू हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक BLO मुख्यमंत्री की तस्वीर वाले बैग का उपयोग कर रहा है। पार्टी का कहना है कि भारत निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र और निष्पक्ष संवैधानिक संस्था है, इसलिए इस तरह की सामग्री का उपयोग निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर सकता है। भाजपा ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
एक मतदाता के दो EPIC नंबर होने का आरोप
भाजपा ने अपनी दूसरी शिकायत में कहा कि जगन्नाथपुर विधानसभा के मतदान केंद्र संख्या-176 पर कुछ मतदाताओं के नाम एक ही बूथ पर दो अलग-अलग स्थानों पर दर्ज हैं। पार्टी का दावा है कि संबंधित मतदाताओं के दो मतदाता पहचान पत्र (EPIC) और दो अलग-अलग EPIC नंबर हैं, जिसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रमाण भी किए संलग्न
भाजपा ने कहा कि शिकायत पत्रों के साथ संबंधित मामलों से जुड़े दस्तावेज और प्रमाण भी निर्वाचन आयोग को उपलब्ध कराए गए हैं तथा निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।