HeadlinesJharkhandStatesTrending

झारखंड स्थापना पखवाड़ा: कहीं रोजगार तो कहीं आवास, चौथे दिन इन जिलों में हुए बड़े कार्यक्रम

झारखंड स्थापना पखवाड़ा के चौथे दिन सिमडेगा में 5,810 मजदूरों को रोजगार, 61 परिवारों को गृह प्रवेश और सरायकेला रोजगार मेले में 180 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट हुए।

झारखंड स्थापना पखवाड़ा: सिमडेगा में 5,810 मजदूरों को रोजगार, 61 परिवारों को मिला अपना घर

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के चौथे दिन राज्य के विभिन्न जिलों में विकास योजनाओं, रोजगार सृजन, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान सिमडेगा में 5,810 मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने और 61 परिवारों को नए आवास में गृह प्रवेश कराने की जानकारी दी गई। वहीं, सरायकेला-खरसावां में आयोजित रोजगार मेले में 180 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया।

18 नवंबर को आयोजित इन कार्यक्रमों के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीण परिवारों, विद्यार्थियों, महिलाओं, किशोरियों और किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। इस वर्ष स्थापना पखवाड़ा की थीम ‘विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव’ रखी गई है।

सिमडेगा में 5,810 मजदूरों को रोजगार, 6,280 मानव दिवस का सृजन

सिमडेगा जिले में विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत 5,810 मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। इसके माध्यम से 6,280 मानव दिवस का सृजन हुआ। जिले की सभी 94 पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया, जिनमें विकास योजनाओं के लिए 671 आवेदन प्राप्त हुए।

आवास योजना के तहत जिले में 61 परिवारों को गृह प्रवेश कराया गया। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 59 और अबुआ आवास योजना के दो लाभुक शामिल हैं।

कोडरमा और सरायकेला में भी परिवारों को मिले नए घर

स्थापना पखवाड़ा के दौरान कोडरमा में 135 आवासों में गृह प्रवेश कराया गया। वहीं, सरायकेला-खरसावां में 93 परिवारों ने नए घर में प्रवेश किया। जिले में 15 से 18 नवंबर के बीच कुल 534 परिवारों को नए आवास मिलने की जानकारी दी गई।

डेयरी से महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर

सिमडेगा में जिला स्तरीय डेयरी मेला-सह-पशु प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। उपायुक्त कंचन सिंह और गव्य विकास निदेशक डॉ. संजीव कुमार ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर कुरडेग, बानो और सिमडेगा की नौ महिला लाभुकों के बीच 13 दुधारू गायों का वितरण किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं को डेयरी गतिविधियों के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ना है।

सरायकेला रोजगार मेले में 180 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट

सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल स्थित मॉडल कैरियर सेंटर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें 11 नियोजक संस्थानों ने हिस्सा लिया। 800 से अधिक रिक्तियों के लिए आयोजित साक्षात्कार के बाद 180 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया।

16,907 सरकारी स्कूलों में हुई क्विज प्रतियोगिता

शिक्षा और विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य के 16,907 सरकारी विद्यालयों में क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में झारखंड के इतिहास, संस्कृति, महापुरुषों और आंदोलनकारियों से जुड़े सवाल पूछे गए।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इसमें 9,85,687 छात्र-छात्राओं और 45,592 शिक्षकों ने भाग लिया। इसके अलावा गिरिडीह, कोडरमा और गुमला में क्विज, निबंध, चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

किशोरियों के स्वास्थ्य और शिक्षा पर जागरूकता

कोडरमा, गुमला और सरायकेला-खरसावां में किशोरियों के बीच स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया से बचाव, स्वच्छता और शिक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ आवेदन में सहायता देने पर भी जोर दिया गया।

स्वच्छता अभियान और पौधरोपण पर जोर

स्थापना पखवाड़ा के तहत गिरिडीह में स्टेडियम परिसर में श्रमदान और स्वच्छता अभियान चलाया गया। कोडरमा में नगर निकायों के विभिन्न वार्डों में सफाई अभियान और पंचायतों में पौधरोपण किया गया।

गुमला में ‘हर आवास एक पेड़’ अभियान के तहत लाभुकों के घरों के आसपास पौधे लगाए गए। इन गतिविधियों के जरिए पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया गया।

पशुपालकों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं

कोडरमा जिले के सभी प्रखंडों में पशु स्वास्थ्य जांच और जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में पशुओं की निःशुल्क जांच के साथ दवाइयां और मिनरल मिक्सचर उपलब्ध कराए गए। वहीं, गिरिडीह में सखी मंडल की महिलाओं के लिए विशेष केवाईसी अभियान चलाया गया।

स्थापना पखवाड़ा के चौथे दिन आयोजित इन कार्यक्रमों में रोजगार, ग्रामीण आवास, शिक्षा, महिला एवं किशोरी सशक्तिकरण, पशुपालन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को प्रमुखता दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button