
आजसू ने शुरू किया ऑनलाइन सदस्यता अभियान, सुदेश महतो बोले- जनाधार मजबूत कर फिर हासिल करेंगे पुरानी राजनीतिक ताकत
Ranchi: आजसू पार्टी ने राज्यव्यापी सदस्यता अभियान की शुरुआत कर दी है। सोमवार को पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने रांची के हरमू स्थित केंद्रीय कार्यालय से ऑनलाइन सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बड़ी संख्या में लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।
‘आने वाले 20 वर्षों की दिशा तय करेगा सदस्यता अभियान’
सदस्यता अभियान की शुरुआत करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड कई नई चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में यह जरूरी है कि पार्टी अपने संगठन को और मजबूत करे, ताकि आने वाले 20 वर्षों के लिए आजसू की दिशा और भूमिका तय की जा सके।
‘एक समय हमारे समर्थन से बनती थी सरकार’
सुदेश महतो ने कहा कि एक समय ऐसा था जब झारखंड में आजसू के समर्थन से सरकारें बनती थीं। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में राज्य की राजनीति में कई बदलाव हुए हैं, जिसका असर पार्टी पर भी पड़ा है। उन्होंने कहा कि अब संगठन को फिर से मजबूत करने का समय आ गया है।
NDA के साथ पुराने रिश्ते का किया जिक्र
आजसू अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के साथ पुराना संबंध रहा है। सदस्यता अभियान के माध्यम से पार्टी गांव-गांव और बूथ स्तर तक अपने संगठन का विस्तार करेगी।
विधानसभा और लोकसभा चुनाव की तैयारी
सुदेश महतो ने कहा कि सदस्यता अभियान केवल संगठन विस्तार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि भविष्य की राजनीतिक तैयारी का भी हिस्सा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत जनाधार के बल पर आजसू आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में अपनी पुरानी राजनीतिक स्थिति दोबारा हासिल करेगी।



