विनोद पांडेय बोले- भाजपा की ‘चुनावी तेल नीति’ ने बढ़ाई जनता की मुश्किलें

पेट्रोल-डीजल और महंगाई पर JMM का हमला, केंद्र सरकार से मांग जवाब

पेट्रोल-डीजल, महंगाई और राशन कार्ड मुद्दे पर JMM का केंद्र सरकार पर हमला

Ranchi: Jharkhand Mukti Morcha ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, महंगाई, कमजोर होती अर्थव्यवस्था और राशन कार्ड रद्दीकरण के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा है। पार्टी के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भाजपा सरकार पर जनता को आर्थिक संकट और योजनाबद्ध तरीके से अधिकारों से वंचित करने का आरोप लगाया।

“चुनावी फायदे के हिसाब से तय होते हैं तेल के दाम”

विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार नहीं, बल्कि भाजपा की “चुनावी तेल नीति” तय करती है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में कच्चे तेल की कीमत 115 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचने के बावजूद पांच राज्यों के चुनाव के दौरान 137 दिनों तक पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर रखे गए। वहीं, बाद में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें घटने के बावजूद आम जनता को राहत नहीं मिली।

उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव 2024 से ठीक पहले ₹2 प्रति लीटर की कटौती यह साबित करती है कि केंद्र सरकार आर्थिक नहीं, बल्कि राजनीतिक फैसले लेती है।

तेल कंपनियों के मुनाफे पर उठाए सवाल

JMM महासचिव ने कहा कि इंडियन ऑयल, BPCL और HPCL जैसी सरकारी तेल कंपनियों ने वित्त वर्ष 2023-24 में लगभग ₹81 हजार करोड़ का रिकॉर्ड मुनाफा कमाया, इसके बावजूद सरकार “अंडर रिकवरी” का हवाला देती रही।

उन्होंने दावा किया कि 2014 से अब तक केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल पर टैक्स के जरिए करीब ₹38.89 लाख करोड़ की वसूली कर चुकी है।

“सोने की कीमतें अर्थव्यवस्था की सच्चाई बता रही हैं”

विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि सोने की लगातार बढ़ती कीमतें देश की कमजोर होती अर्थव्यवस्था और गिरते भरोसे का संकेत हैं।

उन्होंने कहा कि आम लोगों की आय और बचत नहीं बढ़ी, लेकिन सोने की कीमतों में तेजी आई है। पूरी दुनिया में लोग आर्थिक अस्थिरता के दौर में सोने को सुरक्षित निवेश मानते हैं।

राशन कार्ड रद्दीकरण पर भी केंद्र को घेरा

JMM नेता ने आरोप लगाया कि बिहार के बाद पश्चिम बंगाल में भी गरीबों के राशन कार्ड रद्द किए जा रहे हैं और अब झारखंड में भी गरीबों, आदिवासियों और मूलवासियों को योजनाओं से बाहर करने की साजिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि पार्टी गरीबों के अधिकारों पर किसी भी प्रकार का हमला बर्दाश्त नहीं करेगी और हर जरूरतमंद परिवार को राशन और सामाजिक सुरक्षा मिलनी चाहिए।

“भ्रम और भय की राजनीति कर रही भाजपा”

विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए भ्रम और भय की राजनीति कर रही है। उन्होंने दावा किया कि अब देश और झारखंड की जनता सच्चाई समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।

Exit mobile version