
नवनियुक्त सहायक आचार्यों को बड़ी राहत, 31 मई तक मिलेगा रुका हुआ वेतन
रांची | 27 मई 2026
झारखंड में पिछले कई महीनों से वेतन का इंतजार कर रहे नवनियुक्त सहायक आचार्यों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने फैसला लिया है कि सभी कार्यरत सहायक आचार्यों का वेतन 31 मई तक जारी कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश के बाद स्कूली शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आवश्यक प्रक्रिया तेज कर दी है।
सर्टिफिकेट जांच के कारण नहीं रुकेगा वेतन
सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रमाण पत्रों की जांच एक आंतरिक प्रशासनिक प्रक्रिया है और इसकी वजह से शिक्षकों का वेतन रोका नहीं जा सकता। लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण नवनियुक्त शिक्षक आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे थे।
JAC को 30 मई तक रिपोर्ट सौंपने का निर्देश
शिक्षा विभाग ने झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) को 30 मई तक प्रमाण पत्र जांच रिपोर्ट सौंपने का अल्टीमेटम दिया है, ताकि भुगतान प्रक्रिया में और देरी न हो।
मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में दिए थे निर्देश
26 मई को आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया था कि सर्टिफिकेट जांच की प्रक्रिया के कारण काम कर रहे शिक्षकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
फर्जी प्रमाण पत्र मिलने पर होगी कार्रवाई
सरकार ने यह भी साफ किया है कि यदि भविष्य में जांच के दौरान किसी शिक्षक का प्रमाण पत्र फर्जी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अब तक किए गए भुगतान की वसूली भी की जाएगी।
शिक्षकों में खुशी का माहौल
सरकार के इस फैसले के बाद नवनियुक्त सहायक आचार्यों में राहत और खुशी का माहौल है। लंबे इंतजार के बाद अब उन्हें उम्मीद है कि महीने के अंत तक उनके खा”ते में वेतन पहुंच जाएगा।



