Tejashwi Yadav का बड़ा हमला: “मूंछ नहीं आई थी तब केस हुआ, हमारी भ्रूण हत्या की हो रही कोशिश”

पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की कमान बतौर कार्यकारी अध्यक्ष संभालने के बाद Tejashwi Yadav एक बार फिर पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। पटना स्थित आरजेडी कार्यालय में आयोजित अभिनंदन समारोह के दौरान तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण उनकी और उनकी पार्टी की ‘भ्रूण हत्या’ करने की कोशिश की जा रही है।

 

“बीजेपी में नहीं गया, इसलिए मुकदमों से घेरा”

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव भावुक और आक्रामक दोनों नजर आए। उन्होंने केंद्रीय जांच एजेंसियों (ED और CBI) के दुरुपयोग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि “जब मेरे चेहरे पर मूंछ भी नहीं आई थी, तब मेरे ऊपर सीबीआई और ईडी के केस लाद दिए गए। यह सब इसलिए हुआ क्योंकि हमने भाजपा के सामने झुकने से इनकार कर दिया।” तेजस्वी ने स्पष्ट किया कि वे अपने पिता लालू प्रसाद यादव की तरह निडर हैं और किसी भी कीमत पर अपनी विचारधारा से समझौता नहीं करेंगे।

 

RJD को बनाएंगे ‘राष्ट्रीय पार्टी’

पार्टी में मिली नई और बड़ी जिम्मेदारी को लेकर तेजस्वी ने अपना विजन साझा किया कि उनका लक्ष्य आरजेडी को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। तेजस्वी ने दावा किया कि वे केवल बिहार ही नहीं, बल्कि देशभर में पार्टी का जनाधार बढ़ाएंगे और आरजेडी को एक ‘राष्ट्रीय पार्टी’ का दर्जा दिलाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बिहार में फिर से आरजेडी की सरकार बनाना उनका मुख्य लक्ष्य है।

 

सरकार पर लगाया ‘दमन’ का आरोप

नेता प्रतिपक्ष ने नीतीश और मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी कार्यकर्ताओं को डराने के लिए फर्जी केस बनाए जा रहे हैं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होने से पहले ही आरजेडी कार्यकर्ताओं को चिन्हित कर जेल भेज दिया जाता है। उन्होंने तंज कसा कि जैसे ही नीतीश कुमार ने महागठबंधन का साथ छोड़ा, उनके खिलाफ मुकदमों की झड़ी लगा दी गई।

“हमारी भ्रूण हत्या कराने की साजिश रची जा रही है, लेकिन वे भूल रहे हैं कि हम संघर्ष से उपजे लोग हैं। मैं अब चुप नहीं बैठूँगा, बिहार की जनता की आवाज़ को और मजबूती से उठाऊँगा।”-  तेजस्वी यादव

 

 

ये भी पढ़े: Bihar Assembly News: बिहार के सरकारी कर्मियों और विधायकों की बल्ले-बल्ले: जल्द मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा, 10 लाख परिवारों को लाभ

Exit mobile version