तमिलनाडु गैस रिसाव: पश्चिमी सिंहभूम के 14 श्रमिक सुरक्षित लौटे, प्रशासन ने की घर तक पहुंचाने की व्यवस्था
तमिलनाडु के तिरुवल्लूर गैस रिसाव हादसे से प्रभावित पश्चिमी सिंहभूम के 14 प्रवासी श्रमिक सुरक्षित झारखंड लौट आए।
admin
तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में हुई अमोनिया गैस रिसाव की घटना से प्रभावित पश्चिमी सिंहभूम के 14 प्रवासी श्रमिक सुरक्षित झारखंड लौट आए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग तथा जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से सभी श्रमिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की गई।
चक्रधरपुर स्टेशन पर किया गया स्वागत
सभी श्रमिक रेल मार्ग से राउरकेला होते हुए चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां जिला प्रशासन की टीम ने उनका स्वागत किया और उनकी कुशलक्षेम की जानकारी ली।
घर तक पहुंचाने की रही व्यवस्था
प्रशासन ने सभी श्रमिकों को उनके गृह क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की। इसके साथ ही प्रत्येक श्रमिक को आवश्यक खाद्य सामग्री से युक्त फूड बास्केट भी उपलब्ध कराया गया, ताकि घर लौटने के बाद उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई त्वरित कार्रवाई
गौरतलब है कि तमिलनाडु के तिरुवल्लूर स्थित एक औद्योगिक इकाई में अमोनिया गैस रिसाव की घटना के बाद झारखंड सरकार ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर श्रम विभाग, राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष और जिला प्रशासन ने लगातार समन्वय बनाकर प्रभावित श्रमिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की।