झारखंड स्थापना दिवस के मुख्य समारोह की तैयारी तेज, पूजा सिंघल ने बिरसा मुंडा स्टेडियम का किया निरीक्षण
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के मुख्य कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की सचिव और आयोजन-सह-समन्वय समिति की अध्यक्ष पूजा सिंघल ने गुरुवार को खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने वरीय अधिकारियों के साथ आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पूजा सिंघल ने कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं की क्रमवार जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्य समारोह का आयोजन व्यवस्थित, आकर्षक और यादगार तरीके से किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने और तैयारियों में कोई कमी नहीं रखने को कहा।
17 से 27 नवंबर तक मनाया जा रहा स्थापना दिवस पखवाड़ा
झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा 17 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक पूरे राज्य में मनाया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न जिलों में विकास, संस्कृति, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को प्रदर्शित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पखवाड़े के तहत प्रत्येक जिले में तीन प्रमुख थीम पर आकर्षक और सूचनात्मक प्रदर्शनियां लगाने की योजना है।
- वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट: एक जिला, एक उत्पाद
- वन डिस्ट्रिक्ट, वन डेस्टिनेशन: एक जिला, एक पर्यटन स्थल
- वन डिस्ट्रिक्ट, वन इकोनॉमिक एक्टिविटी: एक जिला, एक आर्थिक गतिविधि
हर जिले की खास पहचान को मिलेगी प्रदर्शनी में जगह
आयोजन समिति की ओर से सभी जिलों के उपायुक्तों को प्रभावशाली और सूचनात्मक प्रदर्शनियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से झारखंड की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन की संभावनाओं और आर्थिक गतिविधियों को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य ‘एक जिला-एक पहचान’ की अवधारणा को मजबूत करना और प्रत्येक जिले की विशिष्टता को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करना है।
कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान उद्योग सचिव अरवा राजकमल, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, निदेशक संस्कृति आशीष एकराम, निदेशक खादी बोर्ड आलोक कुमार, निदेशक खनिज राहुल कुमार सिन्हा और निदेशक उद्योग विशाल सागर मौजूद रहे।
इसके अलावा सूचना प्रौद्योगिकी निदेशक माधवी मिश्रा, राज्य परियोजना निदेशक जेईपीसी शशि रंजन, पर्यटन सचिव मुकेश कुमार, पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनन्य मित्तल, अपर सचिव प्रेरणा दीक्षित और झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह भी उपस्थित थीं।
रांची जिला प्रशासन की ओर से सचिव हिमांशु लाल, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय, नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय सहित आयोजन से जुड़े अन्य अधिकारी भी निरीक्षण में शामिल हुए।
पूजा सिंघल ने सभी अधिकारियों से सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय के साथ स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह अवसर झारखंड की प्रगति, संस्कृति और संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
