अक्वान चक्रवात को लेकर झारखंड सरकार अलर्ट, 75% धान की फसल खेतों में; नुकसान पर तत्काल सर्वे के निर्देश
रांची: बंगाल की खाड़ी में उठे संभावित चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ के प्रभाव को देखते हुए झारखंड सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को विभागीय अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में संभावित भारी बारिश, किसानों की खड़ी फसल, आम लोगों की सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों पर चर्चा हुई।
मंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों, सिविल सर्जनों, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारियों, कृषि पदाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार की प्राथमिकता है कि संभावित आपदा से जान-माल का नुकसान कम से कम हो।
75 प्रतिशत धान की फसल अभी खेतों में
बैठक में किसानों की फसल को लेकर विशेष चिंता जताई गई। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि राज्य में अब तक लगभग 25 प्रतिशत धान की कटाई हुई है, जबकि करीब 75 प्रतिशत फसल अभी खेतों में खड़ी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संभावित बारिश से फसलों को नुकसान होने पर पंचायत और प्रखंड स्तर पर तत्काल सर्वे कराया जाए। कृषि विभाग, अंचल प्रशासन और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से नुकसान का आकलन करें, ताकि प्रभावित किसानों को सरकारी प्रावधानों के तहत राहत और मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
जलभराव और बिजली बाधित होने जैसी स्थिति से निपटने की तैयारी
मंत्री ने अधिकारियों को संभावित भारी बारिश के मद्देनजर पहले से तैयार रहने को कहा। निचले इलाकों में जलभराव, कच्चे मकानों को नुकसान, पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और ग्रामीण सड़कों के प्रभावित होने जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम करने का निर्देश दिया गया।
अस्पतालों में दवा, डॉक्टर और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करें
आपदा की स्थिति में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए सभी जिलों के सिविल सर्जनों को भी अलर्ट रहने को कहा गया है। मंत्री ने अस्पतालों में जरूरी दवाइयों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, एंबुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मंत्री बोले- आपदा आने का इंतजार नहीं, पहले से रहें तैयार
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा को रोका नहीं जा सकता, लेकिन बेहतर तैयारी और समय पर कार्रवाई से संभावित नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी है और अधिकारियों को पूरी तत्परता से काम करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने विशेष रूप से किसानों की मेहनत और उनकी फसल को सुरक्षित रखने पर जोर दिया।
आम लोगों से प्रशासन की एडवाइजरी मानने की अपील
मंत्री ने राज्य के लोगों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और तेज हवा तथा बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें।
