
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई Jharkhand Cabinet की बैठक में कुल 26 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
इसमें जेएसएससी परीक्षा प्रणाली में बदलाव, शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना, सड़क और साइकिल ट्रैक निर्माण के लिए 442 करोड़ रुपये की स्वीकृति, और HIV-AIDS फोरम का गठन जैसे अहम फैसले शामिल हैं।
Jharkhand Cabinet: JSSC की परीक्षा प्रणाली में बदलाव
अब 50,000 से अधिक आवेदन होने पर स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा दो चरणों में (प्रारंभिक और मुख्य) आयोजित की जाएगी। जबकि इससे कम आवेदन होने पर केवल एक ही परीक्षा ली जाएगी।
Jharkhand Cabinet: 31 करोड़ की स्वीकृति, JSSC परीक्षाओं के आयोजन हेतु
जेएसएससी को वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रतियोगी परीक्षाओं के सफल आयोजन हेतु झारखंड आकस्मिकता निधि से ₹31.50 करोड़ की स्वीकृति दी गई।
Jharkhand Cabinet: रांची में दो बड़ी सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी
- अरगोड़ा चौक से रिंग रोड (पुंदाग होते हुए) तक फोर लेन सड़क के निर्माण के लिए ₹141 करोड़ की प्रशासनिक मंजूरी दी गई।
- विवेकानंद स्कूल मोड़ से रिंग रोड तक साइकिल ट्रैक, सर्विस रोड व फुटपाथ निर्माण के लिए ₹301.12 करोड़ स्वीकृत किए गए। यह मार्ग झारखंड हाईकोर्ट और विधानसभा भवन होते हुए नयासराय लिंक रोड तक जाएगा।
नए कॉलेजों की स्थापना
- महिला कॉलेज, खूंटी: ₹57.95 करोड़
- डिग्री कॉलेज, ईचागढ़ (सरायकेला): ₹38.76 करोड़
इसके अलावा दुमका और पलामू में डिप्लोमा स्तरीय फार्मेसी संस्थानों के लिए 28-28 पदों के सृजन को भी मंजूरी मिली।
HIV/AIDS पर झारखंड लेजिस्लेटिव फोरम का गठन
राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) के निर्देश पर राज्य में लेजिस्लेटिव फोरम ऑन HIV/AIDS का गठन किया जाएगा। इसमें विभागीय मंत्री अध्यक्ष होंगे और 5 विधायकों को स्पीकर द्वारा नामित किया जाएगा। फोरम का उद्देश्य जागरूकता अभियान चलाना और एचआईवी संक्रमितों के प्रति भेदभाव खत्म करना होगा।
झारखंड राज्यपाल पुलिस पदक की संख्या बढ़ी
- राज्यपाल पदक की संख्या: 11 से बढ़ाकर 21
- सराहनीय सेवा पदक की संख्या: 31 से बढ़ाकर 60
अब झारखंड स्थापना दिवस (15 नवंबर) पर अधिक संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान सम्मानित किए जाएंगे।
हिंदू न्यास बोर्ड को ₹3 करोड़ का वार्षिक अनुदान
राज्य सरकार ने झारखंड राज्य हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड को प्रत्येक वर्ष ₹3 करोड़ का अनुदान देने का फैसला लिया है ताकि धार्मिक न्यासों का संचालन और प्रशासनिक व्यवस्था बेहतर हो सके।
Jharkhand Cabinet बैठक की कुल अनुमानित स्वीकृतियाँ:
₹700 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं को हरी झंडी, जिनका केंद्र शिक्षा, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुधार रहे।



