BiharHeadlinesJobsStatesTrending

पटना में TRE-4 अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज, वैकेंसी की मांग को लेकर कर रहे थे प्रदर्शन

TRE-4 नोटिफिकेशन की मांग पर पटना में हंगामा, कई अभ्यर्थी घायल

TRE-4 अभ्यर्थियों पर पटना में लाठीचार्ज, वैकेंसी की मांग को लेकर कर रहे थे प्रदर्शन

पटना में शुक्रवार को TRE-4 अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। शिक्षक भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर हजारों अभ्यर्थी मार्च निकाल रहे थे। इस दौरान कई अभ्यर्थियों के घायल होने की खबर सामने आई है।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें सड़कों पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। कुछ अभ्यर्थियों के सिर फट गए, जबकि महिला अभ्यर्थियों के साथ भी धक्का-मुक्की और बल प्रयोग किए जाने का आरोप लगाया गया है।

BPSC कार्यालय तक मार्च निकाल रहे थे अभ्यर्थी

जानकारी के अनुसार TRE-4 अभ्यर्थी शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पटना कॉलेज से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) कार्यालय तक मार्च निकालने के लिए निकले थे।

करीब 11:30 बजे पुलिस ने JP गोलंबर के पास बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद अभ्यर्थी बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश करने लगे। प्रदर्शन में करीब 5 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की बात कही जा रही है।

वाटर कैनन और आंसू गैस मौजूद, फिर भी हुआ लाठीचार्ज

अभ्यर्थियों का कहना है कि मौके पर वाटर कैनन और आंसू गैस की व्यवस्था की गई थी, लेकिन उनका इस्तेमाल किए बिना ही पुलिस ने सीधे लाठीचार्ज शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए बल प्रयोग किया। लाठीचार्ज के बाद सड़क पर अभ्यर्थियों के जूते-चप्पल बिखरे दिखाई दिए और कई घायल अभ्यर्थी खून से लथपथ नजर आए।

TRE-4 नोटिफिकेशन में देरी से नाराज हैं अभ्यर्थी

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि TRE-4 भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करने में लगातार देरी की जा रही है। छात्र नेता दिलीप ने आरोप लगाया कि BPSC परीक्षा नियंत्रक ने अप्रैल में जल्द विज्ञापन जारी करने की बात कही थी, लेकिन अब तक नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ।

अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं और तैयारी के लिए आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।

शिक्षा मंत्री ने समाधान का दिया भरोसा

बिहार के नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर भर्ती प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर निर्णय लिया जाएगा।

46,595 पदों पर होनी है भर्ती

TRE-4 के तहत कुल 46,595 पदों पर शिक्षकों की भर्ती प्रस्तावित है। जानकारी के अनुसार परीक्षा सितंबर 2026 में आयोजित होने की संभावना है, लेकिन अब तक आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button