पहली बार रांची बनेगा मेज़बान, बिरसा मुंडा स्टेडियम में होंगे रोमांचक फुटबॉल मुकाबले
Durand Cup 2026 के 135वें संस्करण में पहली बार रांची मेज़बान बनेगा।
admin
झारखंड की राजधानी रांची पहली बार प्रतिष्ठित डूरंड कप 2026 की मेज़बानी करने जा रही है। 135वें डूरंड कप के तहत रांची में 26 जुलाई से 16 अगस्त तक मुकाबले बिरसा मुंडा स्टेडियम में खेले जाएंगे। इसे झारखंड के खेल इतिहास की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
लीग मैचों के साथ होगा क्वार्टर फाइनल
रांची में लीग चरण के कई मुकाबलों के अलावा एक क्वार्टर फाइनल मैच भी खेला जाएगा। पूरे टूर्नामेंट की शुरुआत 25 जुलाई से होगी, जबकि फाइनल 23 अगस्त को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में आयोजित होगा।
इन टीमों पर रहेंगी सबकी नजर
रांची में होने वाले मुकाबलों में जमशेदपुर एफसी, स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली और भारतीय वायुसेना फुटबॉल टीम हिस्सा लेंगी। वहीं श्रीलंका सशस्त्र बलों की टीम डिफेंडर्स एफसी पहली बार डूरंड कप में खेलती नजर आएगी।
पांच शहरों में होंगे मुकाबले
इस बार डूरंड कप में 24 टीमें भाग ले रही हैं। मुकाबले कोलकाता, रांची, इम्फाल, शिलांग और गुवाहाटी में आयोजित किए जाएंगे। रांची को मेज़बान बनाए जाने को झारखंड में फुटबॉल को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
एशिया का सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट
डूरंड कप एशिया का सबसे पुराना और दुनिया का तीसरा सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट है। इसका आयोजन भारतीय सेना द्वारा किया जाता है और यह प्रतियोगिता देश के उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करती है।
स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
रांची में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के आयोजन से झारखंड के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और राज्य में फुटबॉल संस्कृति को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।