
संगठन को मजबूत करने झारखंड आएंगे राहुल गांधी, जिला अध्यक्षों के परिजनों से भी करेंगे मुलाकात
रांची: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दिसंबर के पहले सप्ताह में झारखंड के दौरे पर आ सकते हैं। उनका प्रस्तावित दौरा 4 या 5 दिसंबर को होने की संभावना है। लंबे अंतराल के बाद यह पहला मौका होगा, जब राहुल गांधी बिना किसी चुनावी कार्यक्रम के झारखंड पहुंचेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और पार्टी पदाधिकारियों के साथ संवाद करना बताया जा रहा है।
प्रस्तावित कार्यक्रम की खास बात यह है कि राहुल गांधी पार्टी के जिला अध्यक्षों के साथ-साथ उनके परिजनों से भी मुलाकात करेंगे। कांग्रेस नेतृत्व की इस पहल को संगठन के पदाधिकारियों और उनके परिवारों से जुड़ाव बढ़ाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा ने इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महज एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं का परिवार है। जिला अध्यक्षों के परिजनों से राहुल गांधी की मुलाकात से उनका मनोबल बढ़ेगा और संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
खूंटी में ग्राम प्रधानों से करेंगे संवाद
तय कार्यक्रम के मुताबिक राहुल गांधी खूंटी जाएंगे। यहां वे ग्राम प्रधानों के साथ सीधा संवाद करेंगे और पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम यानी पेसा (PESA) कानून के क्रियान्वयन तथा उससे जुड़ी जमीनी हकीकत की जानकारी लेंगे।
इसके बाद राहुल गांधी झारखंड और ओडिशा के जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। इस बैठक में पार्टी की जमीनी स्थिति, संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की भूमिका जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
आलमगीर आलम ने दौरे को बताया अहम
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताया है। उनके अनुसार, इस दौरे से पार्टी को जमीनी स्तर पर नई मजबूती मिलेगी।
अंतिम कार्यक्रम की घोषणा का इंतजार
राहुल गांधी के झारखंड दौरे की अंतिम तारीख और विस्तृत कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। खबर के अनुसार, अगले एक से दो दिनों में कार्यक्रम की आधिकारिक जानकारी सामने आने की संभावना है।
दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करने वाले हैं।



