LPG महंगाई पर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन, सत्ता पक्ष ने मोदी सरकार को घेरा
झारखंड विधानसभा के बाहर गैस सिलेंडर को लेकर प्रदर्शन, केंद्र सरकार पर साधा निशाना
admin
गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर झारखंड विधानसभा में प्रदर्शन, सत्ता पक्ष के विधायकों ने मोदी सरकार पर साधा निशाना
रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के 13वें दिन गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर सत्ता पक्ष के विधायकों ने विधानसभा परिसर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। विधायकों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और महंगाई के मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरा।
प्रदर्शन के दौरान विधायकों के हाथों में जो पोस्टर थे, उनमें लिखा था – “संसद से नरेंद्र गायब, देश से सिलेंडर गायब।” कुछ पोस्टरों में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर भी लगी थी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके सामने सिर झुकाकर प्रणाम करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
सत्ता पक्ष के विधायकों ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है।
विधायकों ने कहा कि कई जगहों पर गैस सिलेंडर की किल्लत भी देखने को मिल रही है। लोगों को सिलेंडर लेने के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है, इसके बावजूद समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है।