खान सर केस में नामजद प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध मौत, होटल के कमरे में मिला शव

नेपाल में मिली प्रिंस यादव की लाश आंख पर चोट, जांच में जुटी पुलिस

खान सर कोचिंग विवाद में नया मोड़: नामजद आरोपी प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध मौत, होटल के कमरे में मिला शव

Patna/Viratnagar: पटना के चर्चित खान सर कोचिंग विवाद से जुड़े एक अहम किरदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई और खान सर की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में नामजद आरोपी प्रिंस यादव का शव नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल के कमरे से बरामद किया गया है। घटना के बाद बिहार और नेपाल दोनों जगह हलचल तेज हो गई है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक प्रिंस यादव के शव पर चोट के निशान पाए गए हैं। विशेष रूप से उनकी आंख के पास चोट के निशान होने की बात सामने आई है। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में शरीर में विषाक्त पदार्थ मिलने की भी चर्चा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

नेपाल पुलिस ने शुरू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए नेपाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार पूछताछ के लिए पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि प्रिंस यादव की मौत प्राकृतिक थी, आत्महत्या का मामला है या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है।

FIR के बाद नेपाल में रह रहा था प्रिंस

जानकारी के अनुसार 2 जून को पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर में हुए हमले और तोड़फोड़ की घटना के बाद दर्ज एफआईआर में प्रिंस यादव का नाम भी शामिल था। एफआईआर दर्ज होने के बाद वह अपने कुछ दोस्तों के साथ नेपाल में रह रहा था। इसी दौरान विराटनगर के एक होटल में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

परिजनों में मातम, नेपाल रवाना हुआ परिवार

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। प्रिंस यादव के चाचा मनोज सिंह ने बताया कि रविवार सुबह सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से परिवार को मौत की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन तत्काल नेपाल के लिए रवाना हो गए।

परिवार का कहना है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

पहले से विवादों में रहा है नाम

प्रिंस यादव का नाम इससे पहले वर्ष 2021 में भी खान सर की कोचिंग से जुड़े एक विवाद में सामने आया था। वहीं हालिया मामले में भी वह एफआईआर में नामजद था, जिसके बाद से वह चर्चा में था।

जेल में बंद हैं बड़े भाई रौशन आनंद

ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक और प्रिंस यादव के बड़े भाई रौशन आनंद फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। उन्हें 2 जून को खान सर की कोचिंग पर हुए कथित हमले के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उनकी जमानत याचिका पर जल्द सुनवाई होनी है।

क्या था खान सर कोचिंग विवाद?

2 जून को पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर में तोड़फोड़ और मारपीट की घटना हुई थी। खान सर के मैनेजर कन्हैया कुमार सिंह द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में आरोप लगाया गया था कि ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद के इशारे पर प्रिंस यादव समेत कई लोगों ने कोचिंग परिसर में हमला किया, गार्ड के साथ मारपीट की और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया था कि आरोपियों ने कोचिंग को बम से उड़ाने की धमकी दी थी।

कई सवाल छोड़ गई मौत

प्रिंस यादव की मौत ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह सिर्फ एक संदिग्ध मौत है या फिर इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी है। फिलहाल सभी की निगाहें नेपाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।

Exit mobile version