योग दिवस और श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस की तैयारी तेज

21 जून योग दिवस, 23 जून श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस

भाजपा ने की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर हुआ मंथन

Ranchi: भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश पदाधिकारियों की मासिक बैठक रविवार को प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में बीते एक महीने के संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की गई और आगामी दिनों में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड प्रवास के दौरान मिले दिशा-निर्देशों के अनुपालन और संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय बनाने पर विशेष चर्चा हुई। भाजपा नेताओं ने आगामी कार्यक्रमों को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।

21 जून को मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे राज्य में व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। इसके तहत जिला, मंडल और बूथ स्तर तक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन जारी है। इसी क्रम में भाजपा किसान मोर्चा प्रत्येक जिले में जैविक (ऑर्गेनिक) खेती विषय पर संगोष्ठियों का आयोजन करेगा।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर होंगे कार्यक्रम

भाजपा 23 जून को जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि और स्मरण कार्यक्रम आयोजित करेगी। वहीं 25 जून को आपातकाल (इमरजेंसी) की वर्षगांठ पर लोकतंत्र पर हुए हमले को याद करते हुए विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर

अमर कुमार बाउरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में संगठनात्मक बैठकों की नियमित श्रृंखला शुरू की गई है। इसी के तहत प्रत्येक माह की 15 तारीख को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाना तथा पार्टी के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक सफलतापूर्वक पहुंचाना है।

कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानू प्रताप शाही, सुनील सोरेन, गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, मनोज सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version