HeadlinesJharkhandStatesTrending

गोड्डा में ऑपरेशन के दौरान गर्भवती महिला की मौत, परिजनों ने किया सड़क जाम

सुंदरपहाड़ी में प्रसूता की मौत, फर्जी क्लीनिक चलाने का आरोप

गोड्डा में ऑपरेशन के दौरान गर्भवती महिला की मौत, आक्रोशित परिजनों ने घंटों सड़क जाम किया

गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र में एक निजी क्लीनिक में ऑपरेशन के दौरान गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

मामला सुंदरपहाड़ी के केडोबाजार स्थित सनलाइफ हेल्थ केयर का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात प्रसव पीड़ा होने पर महिला को एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के दौरान महिला की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे गोड्डा सदर अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका की पहचान रतनपुर कुसुम घाटी निवासी मीरा मालतो, पति चार्लीज मालतो, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह उनका दूसरा बच्चा था। नवजात बच्चा फिलहाल स्वस्थ है।

परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

घटना के बाद मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने क्लीनिक प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि संबंधित स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त सुविधाएं और योग्य डॉक्टर मौजूद नहीं थे।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गर्भवती महिला को सरकारी अस्पताल ले जाने के बजाय निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जिससे स्थिति गंभीर हो गई। स्थानीय लोगों ने जलसहिया की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।

सड़क जाम कर किया विरोध प्रदर्शन

घटना से नाराज ग्रामीणों ने केडोबाजार से सुंदरपहाड़ी मुख्य सड़क को जाम कर दिया और क्लीनिक प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मृतका आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय से थी, जिसके कारण स्थानीय लोगों में घटना को लेकर काफी आक्रोश देखा गया।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलने के बाद सुंदरपहाड़ी और राजाभीठा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क जाम हटवाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

दोषियों पर होगी कार्रवाई: सिविल सर्जन

गोड्डा के सिविल सर्जन डॉ. सुभाष शर्मा ने कहा कि मामले की जानकारी मिल चुकी है और टीम जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button