पुजारी बनकर दानपेटी लेकर पहुंचे पप्पू यादव, राहुल गांधी ने दिया चंदा
संसद परिसर में पप्पू यादव पुजारी के वेश में दानपेटी लेकर पहुंचे। राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसदों ने प्रतीकात्मक चंदा दिया। कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस भी दिया है।

संसद में पुजारी बनकर दानपेटी लेकर पहुंचे पप्पू यादव, राहुल गांधी ने डाला चंदा; राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन
जितेंद्र सिंह के बयान पर कांग्रेस ने दिया विशेषाधिकार हनन का नोटिस, हंगामे के बीच जन्म-मृत्यु पंजीकरण संशोधन बिल लोकसभा से पास
New Delhi: संसद के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को संसद परिसर में अलग ही नजारा देखने को मिला। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव पुजारी के वेश में दानपेटी लेकर मकर द्वार के पास पहुंचे। विपक्षी सांसदों ने राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितता का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों ने पप्पू यादव की दानपेटी में प्रतीकात्मक रूप से चंदा डाला।
प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसद बैनर और पोस्टर लेकर भी पहुंचे। विपक्ष ने गृह मंत्री अमित शाह की सदन में मौजूदगी को लेकर सवाल उठाते हुए नारेबाजी की।
दानपेटी लेकर मकर द्वार पर बैठे पप्पू यादव
विरोध के अनोखे तरीके के तहत पप्पू यादव पुजारी की वेशभूषा में संसद के मकर द्वार के पास दानपेटी लेकर बैठे। इसके बाद कई विपक्षी सांसद उनके पास पहुंचे और दानपेटी में प्रतीकात्मक रूप से पैसे डाले।
राहुल गांधी ने भी दानपेटी में चंदा दिया। विपक्ष ने इस प्रदर्शन के जरिए राम मंदिर में आने वाले चढ़ावे को लेकर कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया।
शुरू होते ही लोकसभा में हंगामा
शुक्रवार सुबह 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण कुछ ही देर बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
12 बजे कार्यवाही दोबारा शुरू हुई। इस दौरान सरकार की ओर से जन्म-मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 को पारित करने का प्रस्ताव रखा गया।
विपक्ष के विरोध के बीच विधेयक को ध्वनि मत से पारित कर दिया गया। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही 3 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी गई। राज्यसभा की कार्यवाही भी 3 अगस्त तक स्थगित कर दी गई है।
जितेंद्र सिंह के खिलाफ विशेषाधिकार नोटिस
इस बीच कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। विवाद जंतर-मंतर और संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई से जुड़ा है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सदन में कहा था कि प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग नहीं हुई थी। कांग्रेस ने उनके इस बयान पर आपत्ति जताते हुए विशेषाधिकार हनन का मामला उठाया है।
राहुल गांधी के खिलाफ भी BJP का विशेषाधिकार नोटिस
दूसरी ओर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ भी विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का नोटिस दिया है।
अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह को लेकर असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया और गंभीर आरोप लगाए। राहुल गांधी के भाषण के एक हिस्से को लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही से हटा दिया था।
राहुल गांधी ने Gen Z को लेकर सरकार पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया के जरिए भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन और उसके बाद की कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि युवाओं को डराने की कोशिश की जा रही है।
विपक्ष लगातार छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई को संसद में उठाने की मांग कर रहा है। वहीं सरकार का कहना है कि विपक्ष महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा करने के बजाय सदन की कार्यवाही बाधित कर रहा है।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से विधेयकों पर चर्चा में हिस्सा लेने और सदन में हंगामा नहीं करने की अपील की।
पेपर लीक संशोधन बिल दोनों सदनों से पास
इससे पहले पेपर लीक से जुड़ा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 लोकसभा के बाद राज्यसभा से भी पारित हो चुका है। अब विधेयक राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
मानसून सत्र में छात्र आंदोलन, कथित पुलिस कार्रवाई, पेपर लीक और विपक्ष-सरकार के बीच आरोप-प्रत्यारोप के कारण लगातार हंगामा देखने को मिल रहा है।



