मेदिनीनगर के व्यस्त सब्जी बाजार में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख
Massive fire in Medininagar's busy vegetable market; property worth lakhs reduced to ashes.
admin
मेदिनीनगर। शहर के सबसे व्यस्त सब्जी बाजार क्षेत्र में शुक्रवार सुबह अचानक लगी भीषण आग से अफरा-तफरी मच गई। आग लादीगढ़ कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित एक मकान में लगी और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। कुछ समय के लिए पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना की जानकारी मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता के कारण आग को आसपास के अन्य मकानों और दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। वहीं नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। गौरतलब है कि बाजार क्षेत्र में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी कई बार आगजनी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में बढ़ते अतिक्रमण के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई होती है। संकरी और अवरुद्ध सड़कों के कारण राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित होता है, जिससे आग पर समय रहते काबू पाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है और नुकसान बढ़ जाता है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने तथा अग्नि सुरक्षा के स्थायी उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।