धनबाद में नकली पनीर और घी की बड़ी खेप जब्त, 1400 किलो पनीर के साथ मुख्य तस्कर गिरफ्तार

धनबाद में 1400 किलो नकली पनीर और नेपाली घी जब्त, बस से पटना से लाई जा रही थी खेप

धनबाद: फूड सेफ्टी टीम का छापा, 1400 किलो नकली पनीर और नेपाली घी

धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फूड सेफ्टी विभाग ने गुरुवार की सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकली पनीर और घी की खेप जब्त की है। स्टेशन रोड इलाके में की गई छापेमारी में करीब 1400 किलो नकली पनीर और 5 से 7 टिन नकली नेपाली घी बरामद किया गया। इस दौरान पुलिस ने मुख्य तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया है।

फूड सेफ्टी अधिकारी राजा कुमार ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार के पटना से बस के जरिए नकली पनीर और घी की बड़ी खेप धनबाद लाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने गुरुवार तड़के स्टेशन रोड इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी की। जांच के दौरान बस से बड़ी मात्रा में संदिग्ध पनीर और घी बरामद हुआ।

प्रारंभिक जांच में नकली होने की आशंका

अधिकारियों के मुताबिक बरामद पनीर और घी की गुणवत्ता संदिग्ध लगने पर मौके पर ही प्राथमिक जांच की गई, जिसमें इनके नकली होने की आशंका जताई गई। इसके बाद पूरी खेप को जब्त कर लिया गया। विभाग ने सभी नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

होटल और ढाबों में खपाने की थी तैयारी

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस नकली पनीर और घी को शहर के होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में सप्लाई करने की तैयारी थी। अगर यह सामान बाजार में पहुंच जाता तो लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता था। फूड सेफ्टी विभाग का कहना है कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। त्योहार और शादी के सीजन को देखते हुए विशेष निगरानी रखी जा रही है।

उपायुक्त के निर्देश पर कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर की गई। उन्होंने अधिकारियों को मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version