MMDR Bill के खिलाफ झामुमो का उलगुलान, CM हेमंत सोरेन ने केंद्र को घेरा, राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान

झारखंड में MMDR Bill पर सियासी संग्राम तेज, हेमंत सोरेन बोले- खनिज अधिकारों से समझौता नहीं


काला बिल के खिलाफ झामुमो का उलगुलान: खनिज अधिकारों की रक्षा के लिए राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान, CM हेमंत सोरेन ने केंद्र पर साधा निशाना

Ranchi: रांची के हरमू स्थित सोहराय भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केंद्रीय समिति की अहम बैठक हुई. बैठक में केंद्र सरकार के प्रस्तावित MMDR Amendment Bill 2026 को लेकर पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया. झामुमो ने इसे झारखंड के खनिज और आर्थिक अधिकारों के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए राज्यव्यापी आंदोलन की रणनीति तैयार की है.

MMDR संशोधन विधेयक के खिलाफ आर-पार की लड़ाई

बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित MMDR संशोधन विधेयक पर सवाल उठाते हुए इसे झारखंड के हितों के खिलाफ बताया. उन्होंने कहा कि झारखंड की अर्थव्यवस्था और विकास में खनिज संसाधनों की महत्वपूर्ण भूमिका है. ऐसे में राज्य सरकार को विश्वास में लिए बिना खनिज कानून में बदलाव करना राज्य के अधिकारों को कमजोर करने वाला कदम हो सकता है.

झामुमो ने इस विधेयक के खिलाफ राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर लड़ाई लड़ने का संकेत दिया है.

खनिज राजस्व पर असर की जताई आशंका

झामुमो नेताओं का कहना है कि यदि MMDR संशोधन विधेयक लागू होता है, तो राज्य को खनिज संसाधनों और खनिज-युक्त भूमि से मिलने वाले राजस्व एवं कर अधिकारों पर असर पड़ सकता है. पार्टी ने दावा किया कि इसका प्रभाव राज्य की कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर भी पड़ सकता है.

पार्टी नेतृत्व ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा से मिलने वाले राजस्व पर राज्य के हितों की रक्षा जरूरी है.

बूथ से जिला स्तर तक चलेगा जन-जागरण अभियान

झामुमो ने इस मुद्दे को लेकर संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने का फैसला लिया है. पार्टी की रणनीति के तहत बूथ, पंचायत, प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर जन-जागरण अभियान चलाया जाएगा.

कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर MMDR संशोधन विधेयक के संभावित प्रभावों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और केंद्र सरकार के खिलाफ जनमत तैयार करने का निर्देश दिया गया है.

राज्यव्यापी आंदोलन की तैयारी

बैठक के बाद झामुमो ने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में MMDR संशोधन विधेयक के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे. पार्टी इसे झारखंड के अधिकार, खनिज संपदा और आर्थिक हितों से जोड़कर राज्यव्यापी आंदोलन का रूप देने की तैयारी में है.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने झारखंड के खनिज अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया.

बैठक में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

सोहराय भवन में आयोजित बैठक में सांसद विजय हांसदा, नलिन सोरेन, वरिष्ठ विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, विधायक हेमलाल मुर्मू समेत झामुमो के कई वरिष्ठ नेता, विधायक और केंद्रीय समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे.

पार्टी ने स्पष्ट किया कि MMDR Amendment Bill 2026 अब झामुमो के लिए एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा होगा और इसके खिलाफ आंदोलन को गांव से लेकर राजधानी तक ले जाने की तैयारी है.

Exit mobile version