
श्रावणी मेला-2026 को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट, DGP की अध्यक्षता में आज हाई-लेवल बैठक, 8,743 जवान होंगे तैनात
Ranchi: झारखंड में आगामी श्रावणी मेला-2026 के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को लेकर पुलिस मुख्यालय पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और अंतिम तैयारियों को लेकर डीजीपी की अध्यक्षता में सोमवार (13 जुलाई) शाम 3:30 बजे पुलिस मुख्यालय, रांची से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी।
इस संबंध में आईजी अभियान की ओर से संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों और वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
इन जिलों के एसपी होंगे बैठक में शामिल
श्रावणी मेला के मुख्य रूट और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए देवघर, दुमका, जमशेदपुर तथा धनबाद रेल एसपी को बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने का निर्देश दिया गया है।
सभी संबंधित पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया गया था कि वे 10 जुलाई तक श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों से संबंधित अद्यतन रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराएं।
मेले की सुरक्षा में 8,743 जवानों की तैनाती
श्रावणी मेला की सुरक्षा के लिए इस वर्ष कुल 8,743 पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों, लाठी बल और सशस्त्र बलों को 25 जुलाई 2026 की पूर्वाह्न तक देवघर में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। यह तैनाती 31 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगी।
सुरक्षा बलों की प्रमुख तैनाती
- कुल सुरक्षा बल: 8,743
- पुरुष लाठी बल: 5,365
- महिला लाठी बल: 440
- इंस्पेक्टर: 92
- वर्ष 2018 बैच के दारोगा: 28
- सहायक अवर निरीक्षक (ASI): 730
- पुरुष सशस्त्र बल: 1,110
- अन्य पुलिसकर्मी एवं सुरक्षा बल भी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था होगी हाईटेक
पुलिस मुख्यालय का उद्देश्य श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। समीक्षा बैठक में सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों की निगरानी और विभिन्न विभागों के समन्वय पर विशेष चर्चा की जाएगी। nj



