झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने लौटाई सुरक्षा, 16 गार्ड और 3 वाहन वापस किए, बिना काफिले के कर रहे सफर
झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अपनी सुरक्षा में लगे 16 गार्ड और 3 सरकारी वाहन वापस कर दिए। अब वे बिना स्कॉट और सुरक्षा काफिले के सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं।

झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर इन दिनों अपने एक अनोखे फैसले को लेकर चर्चा में हैं। मंत्री ने अपनी सुरक्षा में तैनात 16 सुरक्षा गार्ड और उनके लिए आवंटित तीन सुरक्षा वाहनों को राज्य सरकार को वापस लौटा दिया है। अब वे बिना भारी सुरक्षा काफिले और स्कॉट के ही विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं।
‘भारी सुरक्षा काफिला व्यावहारिक नहीं’
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर का कहना है कि केवल सुरक्षा कर्मियों की आवाजाही के लिए तीन बड़े वाहनों का काफिला रखना न तो सुरक्षा की दृष्टि से उचित है और न ही व्यावहारिक। इसी कारण उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में कटौती करने का निर्णय लिया।
बिना स्कॉट के पहुंचे खेलगांव
शुक्रवार को वित्त मंत्री बिना सुरक्षा काफिले के रांची के खेलगांव में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे। उन्हें बिना स्कॉट और भारी सुरक्षा व्यवस्था के देखकर कार्यक्रम में मौजूद अधिकारी और अन्य लोग भी आश्चर्यचकित रह गए।
गार्ड आवास पर रहते हैं, साथ नहीं चलते
जानकारी के अनुसार, मंत्री ने सुरक्षा में तैनात गार्ड और स्पेशल ब्रांच के जवानों को पूरी तरह हटाया नहीं है। वे उन्हें अपने सरकारी आवास पर बुलाते हैं, लेकिन दौरे और सार्वजनिक कार्यक्रमों में अपने साथ नहीं ले जाते।
राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा
वित्त मंत्री के इस फैसले की राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा हो रही है। कई लोग इसे सादगी और सरकारी संसाधनों के बेहतर उपयोग से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।



