
झारखंड विधानसभा मानसून सत्र शुरू: CM हेमंत सोरेन ने स्पीकर रवींद्रनाथ महतो को दी शुभकामनाएं, जनहित को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
Ranchi: झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र गुरुवार से शुरू हो गया। सत्र की कार्यवाही प्रारंभ होने से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और सत्र के सफल, गरिमामय एवं सार्थक संचालन की कामना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि सदन की कार्यवाही लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप चलेगी और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा होगी।
स्पीकर ने जनहित को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
मानसून सत्र की शुरुआत करते हुए विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने अपने संबोधन में कहा कि सदन का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना है। उन्होंने सभी पक्षों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पांच दिवसीय सत्र के दौरान जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों रचनात्मक भूमिका निभाते हुए राज्य के विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा करेंगे।
अनुपूरक बजट पर रहेगी नजर
इस मानसून सत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट भी पेश किया जाएगा। बजट में विभिन्न विभागों के लिए अतिरिक्त वित्तीय प्रावधानों और नई योजनाओं से जुड़े प्रस्ताव आने की संभावना है, जिस पर राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर नजर रहेगी।
प्रश्नकाल में उठेंगे जनहित के मुद्दे
पांच दिवसीय इस सत्र में चार कार्यदिवस प्रश्नकाल के लिए निर्धारित किए गए हैं। इस दौरान विधायक अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों, योजनाओं, कानून-व्यवस्था, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जनहित के मुद्दों को सदन में उठाएंगे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार JPSC-JSSC भर्ती विवाद, छात्र आंदोलन, कानून-व्यवस्था और राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों पर सदन में तीखी बहस देखने को मिल सकती है।



