झारखंड में 7-10 जून के बीच मानसून की एंट्री, पलामू-गढ़वा में हीटवेव अलर्ट

पलामू में लू का कहर, झारखंड में मानसून को लेकर मौसम विभाग का बड़ा अपडेट

झारखंड में 7 से 10 जून के बीच मानसून की एंट्री के संकेत, पलामू-गढ़वा में लू का अलर्ट

रांची: झारखंड इन दिनों भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में है। राज्य के कई जिलों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग ने पलामू, चतरा और गढ़वा में अगले दो दिनों तक लू चलने की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।

राजधानी रांची में बीते 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मेदिनीनगर 44.8 डिग्री के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा। इसके अलावा कोडरमा में 41.0, हजारीबाग में 40.6, लोहरदगा में 40.0, खूंटी में 39.4 और गुमला में 39.0 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

पलामू, चतरा और गढ़वा में लू का कहर

मौसम विभाग के अनुसार पलामू, चतरा और गढ़वा जिलों में आज और कल हीटवेव का असर बना रहेगा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। 24 और 25 मई को उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

कई जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।

इसके अलावा 26 और 27 मई को जमशेदपुर, चाईबासा और सरायकेला-खरसावां समेत दक्षिणी झारखंड के कई इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि तापमान में फिलहाल ज्यादा राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

हीटवेव को लेकर मुख्यमंत्री के निर्देश

भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री Hemant Soren ने प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही उपायुक्तों, एसपी, बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी और पंचायत प्रतिनिधियों को जल संकट वाले इलाकों में तत्काल टैंकर से पानी पहुंचाने और खराब चापाकलों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा कि किसी भी गांव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी नहीं होनी चाहिए और प्रशासन को संवेदनशीलता तथा तत्परता के साथ काम करना होगा।

7 से 10 जून के बीच झारखंड पहुंचेगा मानसून

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अंडमान-निकोबार पहुंच चुका है और 26 मई तक इसके केरल पहुंचने की संभावना है।

इसके बाद मानसून संथाल परगना के रास्ते 7 से 10 जून के बीच झारखंड में प्रवेश कर सकता है। मौसम विभाग का मानना है कि मानसून के आगमन के बाद राज्य को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

Exit mobile version