शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि: भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, चंपाई सोरेन, सीता सोरेन और रघुवर दास ने किया नमन
admin
शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, चंपाई सोरेन, सीता सोरेन और रघुवर दास ने किया नमन
Ranchi: झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता, पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से गुरुजी के संघर्ष, योगदान और विरासत को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
चंपाई सोरेन ने बताया संघर्ष का प्रेरणास्रोत
भाजपा विधायक चंपाई सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन झारखंड आंदोलन के मजबूत स्तंभ, पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे। उन्होंने राज्य और समाज के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया। चंपाई सोरेन ने उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
सीता सोरेन ने याद किए गुरुजी के संस्कार
भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने श्रद्धांजलि संदेश में कहा कि शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि गुरुजी से मिले संस्कार, उनकी सीख और आशीर्वाद आज भी उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। साथ ही उन्होंने उनकी वैचारिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
रघुवर दास ने भी दी श्रद्धांजलि
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने गुरुजी को झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और राज्य के सम्मानित जननेता के रूप में याद करते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।
राज्यभर में शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।