Uncategorized

ED ने पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव और बेटे रोहित उरांव को भेजा समन

रामेश्वर उरांव, उनके बेटे और पूर्व आयुक्त से ED करेगी पूछताछ

झारखंड शराब घोटाला: ED ने पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव, बेटे रोहित उरांव और पूर्व आयुक्त को भेजा समन

रांची: झारखंड के कथित शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अपनी जांच तेज कर दी है। एजेंसी ने कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव, उनके पुत्र रोहित उरांव तथा उत्पाद विभाग के सेवानिवृत्त आयुक्त अमित प्रकाश को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। सभी को निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ ईडी के समक्ष उपस्थित होने को कहा गया है।

कथित शराब घोटाले में भूमिका की जांच

सूत्रों के अनुसार, ईडी इस मामले में रामेश्वर उरांव और रोहित उरांव की संभावित भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पड़ताल की जा रही है कि झारखंड में शराब कारोबार से जुड़े कथित ठेकों में छत्तीसगढ़ की कुछ कंपनियों की एंट्री किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी क्या भूमिका रही।

ACB केस के बाद ED ने दर्ज किया था ECIR

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर ईडी ने ECIR-10/2025 दर्ज कर मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की थी। जांच के दौरान एजेंसी कई आरोपियों से पूछताछ कर चुकी है। इससे पहले ईडी ने रांची के बरियातू स्थित रामेश्वर उरांव के आवास पर भी छापेमारी की थी।

फिर गरमाई झारखंड की सियासत

राज्यसभा चुनाव के बाद झारखंड की राजनीति कुछ शांत नजर आ रही थी, लेकिन ईडी के इस ताजा कदम ने एक बार फिर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। समन जारी होने के बाद सत्ता और विपक्ष दोनों खेमों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार

फिलहाल ईडी ने समन को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। वहीं, पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव और उनके पुत्र रोहित उरांव की ओर से भी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई पूछताछ के बाद तय होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button