Jharkhand News: गिरिडीह में DJ विवाद बना खूनी संघर्ष: एक की मौत, तीन गंभीर घायल

Jharkhand News: झारखंड के गिरिडीह शहर में डीजे बजाने को लेकर हुआ मामूली विवाद गुरुवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया। नगर थाना क्षेत्र के हुट्टी बाजार स्थित रविदास टोला में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में चाकू और उस्तरा से किए गए हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। शुक्रवार सुबह आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने हुट्टी बाजार हटिया गेट के सामने सड़क जाम कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।

बच्चों के विवाद से शुरू हुआ मामला: Jharkhand News

जानकारी के अनुसार, होली के बाद गुरुवार रात करीब 10 बजे मोहल्ले में डीजे बजाया जा रहा था। इसी दौरान कुछ बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बच्चों के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने और डीजे बंद कराने के लिए अजय कुमार दास सहित कुछ लोग मौके पर पहुंचे।

इसी दौरान हुट्टी बाजार के ही रवि दास, रॉबिन दास, रोनित दास और रोहित दास वहां पहुंचे और अचानक अजय दास सहित अन्य लोगों पर चाकू और उस्तरा से हमला कर दिया।

एक युवक की मौत, तीन घायल: Jharkhand News

अचानक हुए हमले में अजय कुमार दास (30 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ राजेश दास, परदूमन दास और प्रेम दास भी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तुरंत गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अजय कुमार दास को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

मंत्री पहुंचे मौके पर: Jharkhand News

घटना की सूचना मिलते ही राज्य सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और सड़क जाम हटवाया। मंत्री ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी और आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी नीरज कुमार सिंह और नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया, “चाकू से हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है और तीन लोग घायल हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।” घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

ये भी पढ़े: धनबाद में Vananchal Express की थर्ड एसी बोगी में युवती से छेड़खानी, आरोपी ट्रेन से कूदकर फरार

Exit mobile version