बाहा पर्व में शामिल होने पैतृक गांव नेमरा पहुंचे CM हेमंत सोरेन

बाहा पर्व में शामिल होने पैतृक गांव नेमरा पहुंचे CM हेमंत सोरेन, ग्रामीणों संग करेंगे पारंपरिक पूजा

बाहा पर्व में शामिल होने पैतृक गांव नेमरा पहुंचे CM हेमंत सोरेन, ग्रामीणों संग करेंगे पारंपरिक पूजा

रांची/नेमरा: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार देर रात अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचे, जहां वे आदिवासी समाज के महत्वपूर्ण बाहा पर्व में शामिल होंगे। उनके साथ पत्नी कल्पना सोरेन, मां रूपी सोरेन और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री के आगमन पर जिला प्रशासन और ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, जिससे पूरे गांव में उत्सव का माहौल बन गया।

बाहा पूजा में हर साल शामिल होते हैं मुख्यमंत्री

बाहा पर्व आदिवासी समाज का एक प्रमुख पारंपरिक त्योहार है। हर वर्ष होली के दिन या उसके बाद मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात करते हैं और जाहेर स्थान पर आयोजित बाहा पूजा में भाग लेते हैं। इस वर्ष भी वे गांव के लोगों के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना करेंगे।

गुरुवार को मुख्यमंत्री गांववालों के साथ विधि-विधान से बाहा पूजा में शामिल होंगे। पूजा संपन्न कराने की जिम्मेदारी पाहन निभाएंगे। इसके लिए ग्रामीणों ने जाहेर स्थान की विशेष साफ-सफाई और सजावट की है।

नाइके बाबा का चयन

बाहा पूजा के आयोजन के लिए 16 फरवरी को नाइके बाबा का चयन किया गया था। इस वर्ष चेतन टुडू को सर्वसम्मति से नाइके बाबा चुना गया है, जो पूरे अनुष्ठान का संचालन करेंगे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए गांव और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। उपायुक्त फैज अहमद मुमताज और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

तालाब का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

नेमरा पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ गांव स्थित तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल संरक्षण, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण जीवन और पर्यावरण के लिए तालाबों का संरक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।

सामुदायिक भवन में समीक्षा बैठक

तालाब निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री सामुदायिक भवन पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बाहा पूजा के आयोजन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पूजा कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

नेमरा में बढ़ी प्रशासनिक चौकसी

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे इलाके में प्रशासनिक चौकसी बढ़ा दी गई है। गांव में जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है और सामुदायिक भवन में अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। वहीं ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए बीएसएनएल टावर के पास से वाहनों का संचालन नियंत्रित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के आगमन से गांव में उत्सव का माहौल है और ग्रामीण उनके साथ बाहा पर्व मनाने को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं।

Exit mobile version