नेमरा में बाहा पर्व में शामिल हुए CM हेमंत सोरेन, जाहेर थान में की पूजा

नेमरा में बाहा पर्व में शामिल हुए CM हेमंत सोरेन, जाहेर थान में की पूजा

पैतृक गांव नेमरा में बाहा पर्व में शामिल हुए CM हेमंत सोरेन, जाहेर थान में की पूजा

रांची/नेमरा: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पैतृक गांव नेमरा में आयोजित पारंपरिक ‘बाहा पर्व’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जाहेर थान पहुंचकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की।

मुख्यमंत्री अपनी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दो दिवसीय दौरे पर नेमरा पहुंचे हैं।

ग्रामीणों के साथ पदयात्रा कर पहुंचे जाहेर थान

बाहा पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गांव के लोगों के साथ अपने आवास से पदयात्रा करते हुए नेमरा स्थित जाहेर थान तक पहुंचे। यहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा संपन्न हुई।

परंपरा के अनुसार पूजा का संचालन गांव के नाइके बाबा (पाहन) चैतन टुडू और कुडम नाइके बाबा (उप पाहन) छोटू बेसरा ने किया।

मुख्यमंत्री के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब

मुख्यमंत्री के आगमन से नेमरा और आसपास के इलाकों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों से लोग मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे।

ग्रामीण ढोल-नगाड़े और मांदर बजाते हुए मुख्यमंत्री के साथ जाहेर थान तक पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी मांदर बजाकर लोगों का उत्साह बढ़ाया।

बाहा पर्व की दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने राज्यवासियों को बाहा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व आदिवासी संस्कृति, प्रकृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है।

हर वर्ष की तरह इस बार भी मुख्यमंत्री का अपने पैतृक गांव में बाहा पर्व में शामिल होना स्थानीय लोगों के लिए खास रहा। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया

Exit mobile version