HeadlinesJharkhandStatesTrending

JPSC मामले की CBI जांच की मांग, कांग्रेस के ‘दो चेहरे’ हैं : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू

कांग्रेस के दो चेहरे हैं, दिल्ली में कुछ और झारखंड में कुछ करती है : आदित्य साहू

कांग्रेस के दो चेहरे हैं, दिल्ली में कुछ और झारखंड में कुछ करती है : आदित्य साहू

 

रांची: झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी के “दो चेहरे” हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस दिल्ली में एक तरह की राजनीति करती है, जबकि झारखंड में उसका रवैया बिल्कुल अलग होता है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने जेपीएससी परीक्षा अनियमितता, कानून-व्यवस्था और कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन समेत कई मुद्दों पर सरकार और कांग्रेस को घेरा।

 

JPSC मामले की CBI जांच की मांग

 

आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में पिछले छह वर्षों के दौरान हुई कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। उन्होंने कहा कि JPSC, JSSC, CGL, उत्पाद सिपाही भर्ती और शिक्षक नियुक्ति परीक्षाओं सहित सभी मामलों की जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए। उनका आरोप था कि राज्य सरकार सीआईडी जांच के नाम पर केवल खानापूर्ति कर रही है, जैसा कथित तौर पर शराब घोटाले में हुआ था।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा के आंदोलन के दबाव में JPSC अध्यक्ष को इस्तीफा देना पड़ा और अब तत्कालीन अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

 

कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस युवाओं के भविष्य के मुद्दे पर गंभीर नहीं है और परीक्षा अनियमितताओं को लेकर मौन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस में नैतिकता है तो उसे भी सीबीआई जांच की मांग का समर्थन करना चाहिए।

 

भाजपा कार्यालय घेराव को लेकर कांग्रेस पर निशाना

 

आदित्य साहू ने भाजपा कार्यालय घेराव के दौरान हुई घटनाओं को लेकर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं पर पत्थर, अंडे और टमाटर फेंके गए तथा कई कार्यकर्ता घायल हुए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष भूमिका निभाने के बजाय कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तरह व्यवहार किया।

 

भाजपा ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।

 

राष्ट्रीय मुद्दों पर भी साधा निशाना

 

प्रेस वार्ता के दौरान आदित्य साहू ने कांग्रेस नेतृत्व पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति देशहित के अनुरूप नहीं है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और संवैधानिक पदों की गरिमा का सम्मान किया जाना चाहिए।

 

प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा, शोभा यादव, संजय चौधरी और संजीत सिंह भी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button