
राज्यसभा चुनाव: आज होगी गठबंधन विधायक दल की अहम बैठक, दोनों सीटों पर जीत का दावा
रांची: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन की अंतिम तिथि से ठीक पहले महागठबंधन ने अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में रविवार शाम गठबंधन विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसमें चुनावी गणित और उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा होगी।
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी हाईकमान भी सक्रिय नजर आ रहा है। कांग्रेस नेतृत्व के निर्देश पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पार्टी के वरिष्ठ नेता अजय शर्मा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद भूपेश बघेल ने कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर गठबंधन के भीतर सभी बातें स्पष्ट हैं और सभी सहयोगी दल एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि महागठबंधन दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेगा।
वहीं कांग्रेस पर्यवेक्षक अजय शर्मा ने बताया कि सोमवार को गठबंधन के दोनों उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा कि नामांकन से पहले विधायक दल की बैठक में सभी विधायकों के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ गई है और सभी की नजरें अब सोमवार को होने वाले नामांकन और आगामी चुनावी समीकरणों पर टिकी हैं। महागठबंधन जहां दोनों सीटों पर जीत का दावा कर रहा है, वहीं विपक्ष भी अपने राजनीतिक विकल्पों पर नजर बनाए हुए है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राज्यसभा चुनाव भले ही संख्या बल का खेल हो, लेकिन इसके जरिए झारखंड की आगामी राजनीतिक दिशा और गठबंधन की मजबूती का भी संदेश जाएगा।



