Bihar Politics News: बिहार की राजनीति में मर्यादा की सीमाएं लांघने का सिलसिला तेज हो गया है। बुधवार को सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड (JDU) और मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के बीच सोशल मीडिया पर ऐसी जुबानी जंग छिड़ी, जिसमें ‘जिंदा लाश’, ‘बेशर्म’ और ‘बाप’ जैसे शब्दों का खुलकर इस्तेमाल किया गया। इस वार-पलटवार ने राज्य के सियासी तापमान को चरम पर पहुँचा दिया है।
RJD का हमला: “बेशर्म CM” और “जिंदा लाश”- Bihar Politics News
विवाद की शुरुआत आरजेडी के एक फेसबुक पोस्ट से हुई। आरजेडी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा हमला बोलते हुए लिखा:
“जिंदा लाश कुछ समय और अगर गद्दी पर बैठा रहा तो बिहार जिंदा मुर्दा हो जाएगा।” पार्टी ने इस पोस्ट के साथ #बेशर्म_CM हैशटैग का भी इस्तेमाल किया। आरजेडी पिछले कई दिनों से नीतीश कुमार की सेहत और उनके मानसिक स्वास्थ्य (डिमेंशिया और अल्जाइमर) को लेकर लगातार हमले कर रही है।
JDU का करारा पलटवार: “नर्क से निकाला, सपनों का बिहार रचा”- Bihar Politics News
जेडीयू ने आरजेडी के इस वार पर बेहद आक्रामक प्रतिक्रिया दी। पार्टी ने एक्स (ट्विटर) पर आरजेडी के पोस्ट का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए लालू परिवार पर व्यक्तिगत हमला बोला और कहा कि, “खुद को गलाकर बिहार में जान फूंक दिया, नर्क से निकाल, सपनों का बिहार रच दिया। काश ऐसा लाश तुम्हारा बाप भी होता, कम से कम बिहार अपना अस्तित्व तो न खोता।” जेडीयू ने आगे लिखा कि लालू-राबड़ी के शासनकाल में स्वार्थ की आग में बिहार को जलाया गया और राज्य का खून चूसकर उसे ‘जिंदा लाश’ बना दिया गया। जेडीयू ने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए #9वीं_फेल_लुटेरा हैशटैग का प्रयोग किया।
विवाद की जड़: सदन में ‘लड़की’ वाली टिप्पणी- Bihar Politics News
इस कड़वाहट के पीछे हालिया बजट सत्र की एक घटना है। विधान परिषद में बहस के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को संबोधित करते हुए ‘लड़की’ कह दिया था। तेजस्वी यादव ने इसे संकीर्ण और दोषपूर्ण सोच करार दिया। आरजेडी प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि नीतीश कुमार अब सीएम पद के योग्य नहीं रहे और भाजपा उन्हें ढाल बनाकर राजनीति कर रही है। उन्होंने राज्य में बढ़ते अपराध और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरा।
बिहार में जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक विमर्श का स्तर गिरता जा रहा है। विकास और नीतियों की चर्चा के बजाय अब दोनों दल एक-दूसरे के परिवार और स्वास्थ्य पर व्यक्तिगत टिप्पणियां करने में जुटे हैं।
