बेल्जियम के विद्यार्थियों ने किया झारखंड विधानसभा का दौरा,
अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो से की शिष्टाचार मुलाकात
admin
बेल्जियम के विद्यार्थियों ने किया झारखंड विधानसभा का भ्रमण, अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो से की शिष्टाचार मुलाकात
रांची: विश्वविद्यालय के स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत बेल्जियम से झारखंड आए विद्यार्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को झारखंड विधानसभा का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो से शिष्टाचार मुलाकात की और अपने झारखंड दौरे के अनुभव साझा किए।
मुलाकात के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को झारखंड विधानसभा द्वारा प्रकाशित पुस्तक “सदन संवाद” स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट की।
झारखंड की संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य से प्रभावित हुए विद्यार्थी
विद्यार्थियों ने बताया कि झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, सामाजिक विविधता, परंपराएं, प्राकृतिक सौंदर्य और यहां के लोगों का आत्मीय व्यवहार उन्हें बेहद प्रभावित कर गया। उन्होंने कहा कि इस दौरे के दौरान उन्हें झारखंड की संस्कृति और समाज को करीब से जानने-समझने का अवसर मिला।
शैक्षणिक भ्रमण से बढ़ती है आपसी समझ
विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने बेल्जियम से आए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे स्टूडेंट एक्सचेंज कार्यक्रम विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ विभिन्न देशों के बीच आपसी समझ, मित्रता और सांस्कृतिक संबंधों को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण वैश्विक स्तर पर सहयोग और संवाद को नई दिशा देते हैं।