MMDR पर बाबूलाल मरांडी ने आंकड़ों से सरकार कोघेरा

झारखंड विधानसभा में MMDR संशोधन अधिनियम 2026 पर बहस के दौरान बाबूलाल मरांडी ने राजस्व के आंकड़े पेश किए,

MMDR संशोधन अधिनियम 2026 पर विधानसभा में घमासान, बाबूलाल मरांडी ने गिनाए राजस्व के आंकड़े

 

रांची: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 के विरोध में लाए गए राजकीय संकल्प पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने संकल्प का विरोध करते हुए राज्य सरकार के राजस्व नुकसान के दावों पर सवाल उठाए। वहीं, कांग्रेस विधायक अनूप सिंह ने केंद्र सरकार पर झारखंड के साथ भेदभाव करने और स्थानीय हितों की अनदेखी का आरोप लगाया।

 

बाबूलाल मरांडी बोले- खनिज राजस्व में हुई बढ़ोतरी, नुकसान का दावा भ्रामक

 

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने MMDR संशोधन अधिनियम के खिलाफ लाए गए राजकीय संकल्प को राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपनी नाकामियों का ठीकरा केंद्र सरकार पर फोड़ रही है।

 

मरांडी ने खनिज राजस्व में राज्यों की हिस्सेदारी के आंकड़े पेश करते हुए कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान खनिज राजस्व का 60.24 प्रतिशत हिस्सा राज्यों को मिलता था, जबकि 39.76 प्रतिशत केंद्र के पास रहता था। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नियमों में बदलाव के बाद राज्यों की हिस्सेदारी बढ़कर 88.53 प्रतिशत हो गई है और केंद्र के पास 11.47 प्रतिशत हिस्सा रह गया है।

 

उन्होंने दावा किया कि पिछले दस वर्षों में खनिज राजस्व में 354 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वर्ष 2014-15 में राज्यों को खनिज राजस्व के रूप में 25,206 करोड़ रुपये मिले थे, जो वर्ष 2025 में बढ़कर 1.14 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया।

 

13 हजार करोड़ रुपये के नुकसान के दावे पर उठाए सवाल

 

राज्य सरकार की ओर से 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका पर बाबूलाल मरांडी ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 में राज्य को 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक और वर्ष 2025-26 में 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व मिला है। इसके अलावा 7 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का सेस भी प्राप्त हुआ है।

 

मरांडी ने कहा कि जब ये आंकड़े राज्य सरकार के ही हैं, तो लोगों के बीच राजस्व नुकसान को लेकर भ्रम क्यों फैलाया जा रहा है।

 

उन्होंने यह भी कहा कि MMDR एक्ट में संशोधन का उद्देश्य देश में समान विकास को बढ़ावा देना है। उनके अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया है कि संबंधित प्रावधान लघु खनिजों पर लागू नहीं होंगे। इसलिए राज्य के अधिकार छीनने का आरोप आधारहीन है।

↑
Exit mobile version