बिनोद पांडे बोले ​:एसआईआर के नाम पर गरीबों-आदिवासियों को परेशान करना बंद करे चुनाव आयोग,

एसआईआर के नाम पर गरीबों-आदिवासियों को परेशान करना बंद करे चुनाव आयोग, एमएमडीआर संशोधन से 13 हजार करोड़ के नुकसान की आशंका: विनोद पांडेय

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि एसआईआर की मौजूदा प्रक्रिया ने झारखंड के गरीबों, आदिवासियों, मूलवासियों, अल्पसंख्यक वर्ग, प्रवासी मजदूरों, महिलाओं और बुजुर्गों के सामने गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। वहीं, केंद्र सरकार का एमएमडीआर संशोधन अधिनियम झारखंड के आर्थिक हितों और राज्य के संवैधानिक अधिकारों को कमजोर करने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को यह समझना होगा कि झारखंड केवल खनिज संपदा का भंडार नहीं है, बल्कि इससे यहां के करोड़ों लोगों की आजीविका, अधिकार और भविष्य जुड़ा हुआ है।

दस्तावेजों के नाम पर मताधिकार से वंचित करने का आरोप

विनोद पांडेय ने कहा कि एसआईआर के नाम पर आम नागरिकों से ऐसे दस्तावेज मांगे जा रहे हैं, जिन्हें उपलब्ध कराना ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के लोगों के लिए आसान नहीं है। कई मामलों में नाम की वर्तनी में अंतर है, तो कहीं जन्मतिथि और माता-पिता के दस्तावेजों को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूरों और दूसरे राज्यों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए निर्धारित समयसीमा में प्रक्रिया पूरी करना बेहद कठिन है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या दस्तावेजों की कमी के कारण किसी गरीब, आदिवासी या मजदूर को अपने मताधिकार से वंचित किया जा सकता है?

मतदाता सूची और नोटिस को लेकर जताई चिंता

उन्होंने कहा कि झारखंड के करीब 2.64 करोड़ मतदाताओं में से प्रारूप सूची में केवल 2.21 करोड़ नाम शामिल होना और बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाना गंभीर चिंता का विषय है। प्रारूप सूची में शामिल मतदाताओं में लगभग 27 प्रतिशत को संदेहास्पद मानकर नोटिस दिया जाना यह दर्शाता है कि प्रक्रिया में आम लोगों की व्यावहारिक कठिनाइयों को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया है। उनके अनुसार, लोकतंत्र में मतदाता की पहचान उसकी नागरिकता और संवैधानिक पात्रता से होनी चाहिए, न कि दस्तावेज जुटाने की उसकी आर्थिक क्षमता से।

एमएमडीआर संशोधन से राजस्व नुकसान की आशंका

एमएमडीआर संशोधन कानून पर प्रतिक्रिया देते हुए विनोद पांडेय ने कहा कि झारखंड के खनिज संसाधनों से देश की अर्थव्यवस्था को दशकों से मजबूती मिलती रही है, लेकिन खनन का प्रदूषण, विस्थापन और सामाजिक-पर्यावरणीय बोझ झारखंड के लोग उठाते हैं। ऐसे में खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और स्थानीय लोगों के कल्याण के लिए राज्य को मिलने वाले वित्तीय संसाधनों पर चोट करना उचित नहीं है।

उन्होंने बताया कि खनिज सेस झारखंड की आय का तेजी से बढ़ता स्रोत बना है। इससे 2024-25 में करीब 1,379 करोड़ रुपये और 2025-26 में 7,489 करोड़ रुपये प्राप्त हुए, जबकि चालू वित्त वर्ष में 19 नवंबर तक 7,628 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली हो चुकी है। उन्होंने आशंका जताई कि एमएमडीआर संशोधन अधिनियम से राज्य को सालाना करीब 13 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है, जिसका सीधा असर गरीबों, महिलाओं, युवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास पर पड़ेगा।

जल, जंगल, जमीन और खनिज पर राज्य के अधिकार की बात

विनोद पांडेय ने स्पष्ट कहा कि झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज पर यहां के लोगों का अधिकार और उनके हित सर्वोपरि हैं। राज्य के अधिकारों और आम जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है।

↑
Exit mobile version