ढुल्लू महतो की बेटी की शादी में सियासी जमावड़ा, हेमंत-कल्पना से लेकर बाबूलाल मरांडी तक पहुंचे

धनबाद सांसद ढुल्लू महतो की बेटी साक्षी कुमारी की शादी में CM हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन, बाबूलाल मरांडी, आदित्य साहू और खेसारी लाल यादव शामिल हुए।

ढुल्लू महतो की बेटी की शादी में जुटे दिग्गज, CM हेमंत सोरेन-कल्पना सोरेन से लेकर खेसारी लाल यादव तक पहुंचे

धनबाद: धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो की बड़ी बेटी साक्षी कुमारी के विवाह समारोह में मंगलवार को राजनीति और मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियां शामिल हुईं। बाघमारा स्थित सांसद के पैतृक गांव चिटाही में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ पहुंचे। उन्होंने नवदंपती को सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।

हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने वर-वधू को दिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन के पहुंचने पर सांसद ढुल्लू महतो और उनके परिजनों ने उनका स्वागत किया। इस पारिवारिक समारोह में राजनीतिक दलों के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने भी सांसद के आवास पहुंचकर परिवार को विवाह की बधाई दी और वर-वधू को आशीर्वाद दिया। समारोह में राज्य के कई अन्य मंत्री, विधायक और गणमान्य अतिथि भी शामिल हुए।

खेसारी लाल यादव की मौजूदगी ने खींचा ध्यान

समारोह में भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव भी पहुंचे। उनके चिटाही पहुंचने पर प्रशंसकों और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। उन्होंने सांसद ढुल्लू महतो से मुलाकात कर परिवार को शादी की बधाई दी।

डेढ़ से दो लाख लोगों के लिए महाभोज की व्यवस्था

सांसद की बेटी साक्षी कुमारी का विवाह बोकारो जिले के दुग्दा बस्ती निवासी निरंजन साव के पुत्र रविकांत साव के साथ हो रहा है। इस आयोजन के लिए पूरे चिटाही गांव को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक तोरण द्वारों से सजाया गया है।

आयोजन में करीब डेढ़ से दो लाख मेहमानों और आम लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए बड़े पैमाने पर भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए चिटाही फुटबॉल मैदान और रामराज मंदिर परिसर सहित कई स्थानों पर विशाल पंडाल बनाए गए हैं।

वीआईपी और वीवीआईपी अतिथियों के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं यातायात के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

↑
Exit mobile version