
नेतरहाट मॉडल आवासीय स्कूलों में एडमिशन शुरू, कक्षा 6 के लिए JAC ने जारी किया नोटिफिकेशन
Ranchi: Jharkhand Academic Council ने सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 में नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देश पर नेतरहाट आवासीय विद्यालय की तर्ज पर संचालित आवासीय स्कूलों में एडमिशन के लिए प्रवेश परीक्षा की अधिसूचना जारी की गई है।
इस प्रक्रिया के तहत संथाल परगना प्रमंडल के दुमका, कोल्हान प्रमंडल के चाईबासा स्थित आवासीय बालक विद्यालयों और Indira Gandhi Balika Vidyalaya, हजारीबाग में नामांकन लिया जाएगा।
मेरिट के आधार पर होगा चयन
इन प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में चयन लिखित प्रवेश परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा पूरी तरह OMR शीट आधारित होगी और सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ एवं बहुविकल्पीय होंगे।
प्रत्येक विद्यालय में 100 सीटों पर नामांकन होगा।
एडमिशन के लिए जरूरी योग्यता
- अभ्यर्थी झारखंड का मूल या स्थानीय निवासी होना चाहिए
- 1 अगस्त 2026 तक उम्र 10 से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए
- छात्र किसी मान्यता प्राप्त स्कूल से 5वीं पास हो और वर्तमान में 6वीं में अध्ययनरत हो
- आरक्षित वर्ग के छात्रों को जाति प्रमाण पत्र जमा करना होगा
परीक्षा में इन विषयों से होंगे सवाल
प्रवेश परीक्षा में कुल 200 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें शामिल हैं—
- गणित – 50 अंक
- सामाजिक अध्ययन एवं विज्ञान – 50 अंक
- भाषा – 50 अंक
- मानसिक योग्यता – 50 अंक
आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां
- ऑनलाइन आवेदन शुरू : 16 मई 2026
- आवेदन की अंतिम तिथि : 12 जून 2026
- स्कूल सत्यापन के बाद डीईओ कार्यालय में जमा : 13 जून 2026 तक
- जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा ऑनलाइन अप्रूवल : 15 जून 2026 तक
जैक ने स्पष्ट किया है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। छात्रों और अभिभावकों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की गई है।



