निकाय चुनाव में जीत के बाद रांची में Aditya Sahu का भव्य स्वागत
admin
Aditya Sahu
रांची: झारखंड भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद Aditya Sahu का रांची महानगर कार्यालय में ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। रातू रोड स्थित कार्यालय में आयोजित अभिनंदन समारोह में उत्साह का माहौल था। इस दौरान आदित्य साहू ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला।
’निस्वार्थ सेवा का फल’
सैकड़ों कार्यकर्ताओं के जयघोष के बीच आदित्य साहू ने भावुक होते हुए कहा, “आज यदि मैं प्रदेश अध्यक्ष हूँ, तो यह सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि आप सभी समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान है। वास्तव में आप सब ही प्रदेश अध्यक्ष हैं।” उन्होंने अपने सफर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कभी सांसद या अध्यक्ष बनने का नहीं सोचा था, बस निस्वार्थ भाव से पार्टी की सेवा की। जो कार्यकर्ता बिना अपेक्षा के काम करता है, सफलता उसके कदम चूमती है।
हेमंत सरकार पर हमला: तुष्टिकरण और लचर कानून व्यवस्था
साहू ने राज्य सरकार को कानून-व्यवस्था और तुष्टिकरण के मुद्दे पर घेरा:
ध्रुवा अपहरण कांड: उन्होंने कहा कि अगर भाजपा ने एसएसपी कार्यालय का घेराव नहीं किया होता, तो धुर्वा से अपहृत बच्चों की बरामदगी संभव नहीं होती। यह संगठन की ताकत है।
कड़िया मुंडा को धमकी: उन्होंने पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा को अपराधियों द्वारा धमकी मिलने को सरकार की विफलता बताया और कहा कि भाजपा इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।
तुष्टिकरण: मधुपुर की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक विशेष वर्ग के लिए काम कर रही है।
निकाय चुनाव: ‘भाजपा के दबाव में झुकी सरकार’
आदित्य साहू ने आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर हुंकार भरी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लगातार आंदोलन के कारण सरकार चुनाव कराने पर मजबूर हुई है। अब पार्टी का लक्ष्य स्पष्ट है-निकाय चुनाव में हर हाल में सभी सीटों पर विजय प्राप्त करना।
दिग्गजों ने बताया संघर्ष का प्रतीक
समारोह में विधायक सीपी सिंह ने कहा कि आदित्य साहू कार्यकर्ताओं के संघर्ष से निकले नेता हैं, जिससे संगठन और मजबूत होगा। वहीं, विधायक नवीन जायसवाल ने इसे ‘कार्यकर्ता-आधारित राजनीति’ की जीत बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने की। इस मौके पर बड़ी संख्या में प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।